BLO conducting door-to-door voter verification under the Special Intensive Revision campaign in Delhi

दिल्ली में वोटर लिस्ट सत्यापन आज से शुरू

दिल्ली में वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू, 30 जून से घर-घर होगा सत्यापन; जानिए पूरा शेड्यूल”

नई दिल्ली : द पॉलिटिक्स अगेन : संतोसढ सेठ की रिपोर्ट

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है।

इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।

इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी कर अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

क्या है SIR का उद्देश्य?

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य लक्ष्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।

इस प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जाएंगे और अपात्र या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कैसे होगी पूरी प्रक्रिया?

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार—

  • 30 जून से 29 जुलाई: BLO घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे।

  • प्रत्येक मौजूदा मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां दी जाएंगी।

  • मतदाताओं को भरा हुआ फॉर्म BLO को जमा कर उसकी रसीद (Acknowledgement) प्राप्त करनी होगी।

  • यदि घर बंद मिलता है तो BLO कम से कम तीन बार संबंधित पते पर जाएंगे।

  • 5 अगस्त: प्रारूप (Draft) मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

  • 5 अगस्त से 4 सितंबर: दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी।

  • 3 अक्टूबर तक: दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।

  • 7 अक्टूबर: अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

दिल्ली में कितने मतदाता?

निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्तमान में दिल्ली में कुल 1,45,10,298 मतदाता पंजीकृत हैं।

इनमें—

  • कुल मतदाता: 1,45,10,298

  • पुरुष मतदाता: 77,11,132

  • महिला मतदाता: 67,98,142

  • थर्ड जेंडर मतदाता: 1,024

  • दिव्यांग (PWD) मतदाता: 76,155

  • 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता: 3,29,130

  • 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता: 192

  • कुल मतदान केंद्र: 13,033

देश के कई राज्यों में चल रही है प्रक्रिया

निर्वाचन आयोग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया देश के कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भी संचालित की जा रही है।

इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाना और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को मजबूत करना है।

इस प्रक्रिया को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। वहीं निर्वाचन आयोग का कहना है कि पुनरीक्षण पूरी तरह निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार किया जा रहा है।

मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण सलाह

निर्वाचन आयोग ने दिल्ली के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे BLO के सत्यापन अभियान में सहयोग करें, समय पर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करें और प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद आवश्यक होने पर निर्धारित अवधि में दावे या आपत्तियां दर्ज कराएं।