दिल्ली : आधी रात को सौरभ भारद्वाज हिरासत में, AAP करेगी PHQ का घेरा
दिल्ली ‘थप्पड़ कांड’ पर संग्राम तेज: आधी रात को सौरभ भारद्वाज समेत AAP नेता हिरासत में, मंत्री प्रवेश वर्मा का आरोप- ‘विधायक जरनैल ने मांगी अफसरों से रंगदारी’
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट
दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ जड़ने का विवाद अब एक बड़े सियासी घमासान में तब्दील हो गया है।
आम आदमी पार्टी (AAP) मंत्री के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने और उन्हें बर्खास्त करने की मांग को लेकर आक्रामक हो गई है।
दिल्ली पुलिस द्वारा आधी रात को प्रदर्शन कर रहे आप नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद पार्टी ने आज पुलिस मुख्यालय (PHQ) के घेराव का ऐलान किया है, जिससे राजधानी का सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है।
विकासपुरी थाने के बाहर हंगामा, सौरभ भारद्वाज समेत कई हिरासत में
सोमवार देर रात आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज समेत कई विधायक और पार्षद विकासपुरी पुलिस स्टेशन के बाहर मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दे रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और बसों में भरकर वहां से ले गई।
हिरासत में लिए जाने के बाद AAP विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस गुंडों की तरह बर्ताव कर रही है।
हम इस तानाशाही के आगे नहीं झुकेंगे। दिल्ली पुलिस भाजपा की पुलिस बनकर ज्यादा दिन काम नहीं कर सकती।”
आप का आक्रोश: मंत्री पर एक्शन नहीं, उल्टे विधायक पर FIR
आम आदमी पार्टी का गुस्सा इस बात को लेकर है कि सरेआम थप्पड़ मारने के बावजूद मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ अब तक कोई सख्त कानूनी कार्रवाई (FIR) नहीं हुई है।
इसके उलट, तिलक नगर पुलिस थाने में लोक निर्माण विभाग (PWD) के दो इंजीनियरों की शिकायत पर AAP विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ ही सरकारी काम में बाधा डालने, डराने और धमकाने का मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया गया है।
आप नेता इसे पुलिस और भाजपा की मिलीभगत करार दे रहे हैं।
प्रवेश वर्मा का पलटवार: ‘थप्पड़ खाने वाला AAP का गुंडा, जरनैल ने मांगी थी रंगदारी’
दूसरी ओर, मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपने बचाव में आम आदमी पार्टी पर गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
वर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जिसे ‘आम नौजवान’ बता रहे हैं, वह दरअसल आम आदमी पार्टी के एक नेता का सोशल मीडिया हैंडलर और पार्टी का गुंडा है, जो एमसीडी (MCD) कर्मचारी से मारपीट के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
सड़क निर्माण में घोटाले के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए प्रवेश वर्मा ने दावा किया, “सच्चाई यह है कि विधायक जरनैल सिंह ने सड़क बनाने वाले सरकारी अफसरों से रंगदारी (Extortion) मांगी थी और इसी बात को छिपाने के लिए वे झूठे इल्जाम लगाकर सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।”
आज होने वाले पुलिस मुख्यालय (PHQ) के घेराव को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।











