सुल्तानपुर : शिक्षक संघ अध्यक्ष और पत्नी की गला रेतकर निर्मम हत्या
सुल्तानपुर में खौफनाक वारदात: शिक्षक संघ अध्यक्ष और उनकी पत्नी की गला रेतकर निर्मम हत्या, विद्यालय परिसर में मिले खून से लथपथ शव”
सुल्तानपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : दीपू हिन्दू की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुमही डंडिया गांव में सोमवार देर रात एक शिक्षक दंपति की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई।
मंगलवार सुबह जब दोनों के खून से लथपथ शव मिले, तो पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरातफरी मच गई।
मृतकों की पहचान प्राथमिक शिक्षक संघ (मोतिगरपुर) के अध्यक्ष मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह के रूप में हुई है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद हुए हैं।
कमरे में पत्नी को मारा, फिर जान बचाकर भाग रहे पति को दौड़ाकर रेता
पुलिस की प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के हालात देखकर यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावरों ने सबसे पहले विद्यालय के कमरे में सो रही विनीता सिंह की हत्या की।
इसके बाद जब मुकेश सिंह अपनी जान बचाकर वहां से भागे, तो बेखौफ बदमाशों ने करीब 150 मीटर तक उन्हें दौड़ाया और विद्यालय परिसर में ही घेरकर मौत के घाट उतार दिया।
यह दंपति वर्ष 2002 में गांव में ‘मनराजी शिक्षण संस्थान’ शुरू करने के बाद से इसी निजी विद्यालय परिसर में बने अपने आवास में रह रहा था।
शिक्षक संघ के कद्दावर नेता थे मुकेश, जिला पंचायत प्रत्याशी रही थीं विनीता
इस दोहरे हत्याकांड ने शिक्षा और राजनीतिक हलकों में भी हड़कंप मचा दिया है।
-
मुकेश सिंह: मुकेश शुरुआत में शिक्षामित्र थे और 2009 में सहायक अध्यापक बने थे। वर्तमान में वे कंपोजिट विद्यालय, खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे और वर्ष 2013 से लगातार मोतिगरपुर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष थे।
-
विनीता सिंह: मुकेश की पत्नी विनीता खुद एक निजी इंटर कॉलेज का संचालन करती थीं और पिछले जिला पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 11 से प्रत्याशी भी रह चुकी थीं।
दंपति का इकलौता बेटा अभ्युदय (20 वर्ष) दिल्ली के एक विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे।
हत्याकांड के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी (CO) कादीपुर, विनय गौतम भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य और हत्या में प्रयुक्त हथियार (फावड़ा, कुल्हाड़ी, चाकू) बरामद किए हैं।
पुलिस रंजिश, संपत्ति विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है, हालांकि अभी तक हत्या की स्पष्ट वजह और आरोपियों की पहचान उजागर नहीं हो सकी है।











