जम्मू कश्मीर : राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना आज

“प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद राजनीतिक गतिविधयां तेज हो जाएंगी। चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी करने के लिए छह अक्तूबर की तारीख तय की है”

जम्मू 06 / 10 / 2025 द पॉलिटिक्स अगेन डिजिटल डेस्क 

जम्मू-कश्मीर में आज से सियासी मौसम भी बदलने वाला है। प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद राजनीतिक गतिविधयां तेज हो जाएंगी। चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी करने के लिए छह अक्तूबर की तारीख तय की है।

राज्यसभा चुनाव का शेड्यूल आयोग ने पहले ही जारी कर दिया है। प्रदेश में राज्यसभा की चार सीटें हैं। सभी सीटें 2021 से खाली हैं। चारों सीटों के लिए प्रदेश विधानसभा के 88 विधायक मतदान करेंगे।

चुनाव आयोग के तय शेड्यूल के अनुसार 24 अक्तूबर को मतदान होगा और इसी दिन शाम को परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। राज्यसभा में नेशनल कॉन्फ्रेंस और भाजपा के बीच रोमांचक मुकाबले के आसार हैं। दोनों ही राजनीतिक दलों ने चारों सीटों पर उम्मीदवार उतारने की बात कही है।

कांग्रेस और पीडीपी मुख्य दौड़ से बाहर होने के बावजूद राज्यसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। कांग्रेस के छह विधायक हैं और पार्टी अपने सहयोगी दल नेशनल कॉन्फ्रेंस से एक राज्यसभा सीट के लिए मोलभाव कर रही है।