Jaunpur B.Ed Entrance Exam 2026

जौनपुर: 31 मई को B.Ed प्रवेश परीक्षा, 17 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

जौनपुर: 31 मई को होगी B.Ed प्रवेश परीक्षा, 17 हजार अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, DM की दो-टूक- ‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं’

जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

जिले में 31 मई 2026 को होने वाली ‘संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026’ (UP B.Ed. Entrance Exam) को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

दो पालियों में होगी परीक्षा, 37 परीक्षा केंद्र तैयार

जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस वर्ष जौनपुर जिले में कुल 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 17,144 परीक्षार्थी अपना भाग्य आजमाएंगे। परीक्षा को सुचारु रूप से चलाने के लिए इसे दो पालियों (Shifts) में बांटा गया है:

  • प्रथम पाली : सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक

  • द्वितीय पाली : दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक

DM के सख्त निर्देश: ‘CCTV की नजर में रहेगी परीक्षा, चूक हुई तो खैर नहीं’

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का 100% अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

  • बुनियादी सुविधाएं: भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर ठंडे पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति (Power Supply) और परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

  • सुरक्षा और निगरानी: सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की सक्रियता अनिवार्य है।

  • कड़ी चेतावनी: डीएम ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

  • यदि कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत और सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।

निगरानी के लिए 56 मजिस्ट्रेट तैनात

परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिले में प्रशासनिक अमले को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

इसके लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। ये सभी अधिकारी परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों की सतत निगरानी करेंगे और हर पल की अपडेट लेंगे।

ये अधिकारी रहे मौजूद:

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राजेश यादव और केंद्राध्यक्ष विवेक सिंह सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।