पश्चिम बंगाल : सोना तस्करी का भंडाफोड़: DRI ने UP के 2 तस्कर पकड़े
खड़दह में कुरियर के जरिए सोने की तस्करी का भंडाफोड़: DRI ने UP के दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 1.20 लाख डॉलर व हथियार बरामद”
खड़दह: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए पश्चिम बंगाल के खड़दह से उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार यादव और सत्येंद्र वर्मा के रूप में हुई है। ये दोनों खड़दह नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित रामकृष्ण पल्ली में एक किराये के मकान में छिपकर तस्करी का यह काला कारोबार चला रहे थे।
विदेशी मुद्रा, सोना गलाने की मशीन और हथियारों का जखीरा बरामद
DRI की छापेमारी के दौरान आरोपियों के ठिकाने से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री और विदेशी मुद्रा बरामद हुई है।
-
बरामदगी: टीम ने 106.47 ग्राम सोना, सोना गलाने की अत्याधुनिक मशीन, 1.20 लाख अमेरिकी डॉलर (विदेशी मुद्रा), एक लैपटॉप और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
-
हथियार: तलाशी अभियान के दौरान एक पिस्तौल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जो इस बात का संकेत है कि यह गिरोह हथियारों की अवैध सप्लाई या अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों से भी जुड़ा हुआ है।
कुरियर के जरिए मुंबई सहित कई राज्यों तक फैला था नेटवर्क
केंद्रीय जांच एजेंसी की जांच में इस सिंडिकेट के काम करने के तरीके (Modus Operandi) का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
बांग्लादेश सीमा से सटे पश्चिम बंगाल और असम के विभिन्न इलाकों के रास्ते अवैध रूप से तस्करी कर लाया गया सोना पहले खड़दह के इसी ठिकाने पर गलाया जाता था।
इसके बाद इसे कुरियर के माध्यम से मुंबई समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजा जाता था।
डनलप से हुई थी गिरफ्तारी की शुरुआत
DRI द्वारा देशभर में चलाए जा रहे व्यापक तस्करी विरोधी अभियान के तहत अब तक करीब 318 किलोग्राम सोना और भारी मात्रा में नकदी बरामद की जा चुकी है।
इसी जांच के दौरान अभिषेक कुमार यादव का नाम सामने आया था, जिसे बरानगर (डनलप) के महामिलन मठ इलाके से दबोचा गया।
इसके बाद उसकी निशानदेही पर खड़दह स्थित किराये के मकान में छापेमारी कर सत्येंद्र वर्मा को हथियारों और नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया।
एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोश तस्करों की जानकारी जुटा रही है।











