ओम प्रकाश राजभर और अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग

सपा में बड़ी टूट का नया दावा: राजभर बोले- बलिया का नेता करेगा नेतृत्व

सपा में बड़ी बगावत का दावा: ओम प्रकाश राजभर बोले- ‘बागी बलिया’ का लाल करेगा नेतृत्व, अखिलेश यादव का तीखा पलटवार “

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पश्चिम बंगाल में टीएमसी (TMC) और महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) में बगावत की खबरों के बीच अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी भूचाल आ गया है।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) में बड़ी टूट का दावा कर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इस दावे के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी राजभर पर तीखा पलटवार किया है।

‘बलिया का लाल करेगा बागियों का नेतृत्व’

बुधवार से ही अखिलेश यादव पर हमलावर ओपी राजभर ने गुरुवार सुबह एक नया और बड़ा दावा किया।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए स्पष्ट संकेत दिया कि सपा के बागी गुट का नेतृत्व कौन करेगा।

राजभर ने लिखा,

“कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा।”

उन्होंने इसका कारण बताते हुए कहा कि बुधवार को सपा कार्यालय में आयोजित सम्मेलन में जिस तरह से ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे ‘बागी बलिया’ का लाल बहुत आहत है।

उन्होंने दावा किया कि योजना पहले से थी, लेकिन इस घटना ने आग में घी डालने का काम किया है और अब सपा में टूट होकर रहेगी।

‘सांसद बचाओ अभियान शुरू करें अखिलेश’

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि मेरी एक प्रतिक्रिया पर पूरा ‘सैफई खानदान’ मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा,

“अखिलेश यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस वाली नेतागिरी छोड़कर अब ‘सांसद बचाओ अभियान’ शुरू कर दें। उन्हें दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगनी चाहिए।”

ज्ञात हो कि इससे पहले राजभर ने दावा किया था कि सपा नेता राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को एक चिट्ठी सौंपी है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयानों ने भी इन अटकलों को और हवा दी थी।

अखिलेश यादव का कड़ा पलटवार: ‘पैसा एडवांस लेने वाले दे रहे ज्ञान’

राजभर के इन लगातार हमलों पर पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी करारा जवाब दिया।

अखिलेश यादव ने राजभर की सुभासपा और भाजपा के गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा, “भविष्यवाणी करने वाले पहले अपनी पार्टी की भविष्यवाणी करें कि भाजपा उन्हें 75 सीट दे रही है, 50 दे रही है या फिर सिर्फ़ आश्वासन मिल रहा है।”

अखिलेश ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने (राजभर ने) भाजपा गठबंधन से 30 सीटें मिलने की अफवाह फैलाकर जो पैसा एडवांस में लिया है, अब वो लोग इन्हें ढूंढ रहे हैं।