File photos of BJP leaders Smriti Irani, Harish Dwivedi, and Varun Gandhi who are the frontrunners for the upcoming Rajya Sabha elections from Uttar Pradesh

राज्यसभा चुनाव : स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी और वरुण गांधी के नाम की चर्चा

यूपी राज्यसभा चुनाव: BJP के 8 सीटों पर जीत के आसार, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी और वरुण गांधी के नामों पर मंथन तेज”

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

राज्य विधानसभा के मौजूदा संख्याबल के अनुसार, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आठ सीटें और प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को दो सीटें मिलने का अनुमान है।

भाजपा अक्टूबर के पहले सप्ताह में अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर सकती है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी और पीलीभीत के पूर्व सांसद वरुण गांधी को राज्यसभा भेजे जाने की प्रबल संभावना है।

स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी की दावेदारी मजबूत

भाजपा में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और राष्ट्रीय महासचिवों को उच्च सदन (राज्यसभा) भेजने की पुरानी परंपरा रही है।

इससे उन्हें संसद में अपनी बात रखने के साथ-साथ देशव्यापी दौरों के दौरान प्रोटोकॉल की सुविधा मिलती है।

  • स्मृति ईरानी: हाल ही में स्मृति ईरानी को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महासचिव के रूप में शामिल किया गया है।

  • माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें इसी संगठनात्मक प्रोटोकॉल के तहत उत्तर प्रदेश कोटे से संसद में दोबारा इंट्री दिला सकती है।

  • हरीश द्विवेदी: 2004 तक आरएसएस (RSS) के पूर्णकालिक प्रचारक रहे हरीश द्विवेदी बस्ती से दो बार (2014 और 2019) लोकसभा सांसद रह चुके हैं।

  • पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम में राष्ट्रीय सचिव के रूप में काम कर चुके द्विवेदी को हाल ही में पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त कर कर्नाटक और बिहार जैसे अहम राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में उनका राज्यसभा जाना भी लगभग तय माना जा रहा है।

वरुण गांधी की हो सकती है ‘सरप्राइज’ वापसी

इस चुनाव में सबसे चौंकाने वाला नाम पीलीभीत के पूर्व सांसद वरुण गांधी का उभर कर सामने आ रहा है।

पिछले कुछ वर्षों से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे और 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद हाशिये पर गए वरुण की राजनीतिक वापसी की चर्चा जोरों पर है।

राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि भाजपा वरुण को राज्यसभा भेजकर एक बड़ा सियासी संदेश दे सकती है और कांग्रेस तथा गांधी परिवार के खिलाफ एक मजबूत चेहरे के रूप में उनका इस्तेमाल कर सकती है।

इन सदस्यों का कार्यकाल हो रहा है खत्म

यह चुनाव इसलिए हो रहे हैं क्योंकि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के 9 मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

इसके अलावा, एक सीट दिनेश शर्मा के इस्तीफे (अंडमान और निकोबार के उप-राज्यपाल नियुक्त होने के बाद) से पहले ही रिक्त हो गई थी।

  • कार्यकाल समाप्त होने वाले सदस्य: भाजपा के अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृज लाल, बीएल वर्मा, सीमा द्विवेदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी।

  • अन्य दल: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के रामजी गौतम का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है।