हिमाचल / बद्दी : पुलिस विभाग की मासिक बैठक में एसपी ने दिए कड़े निर्देश

“औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में बढ़ते नशे के खतरे और बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अब पुलिस सख्त तेवर अपनाने जा रही है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित मासिक अपराध बैठक में एसपी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करी और यातायात अव्यवस्था पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए”

बद्दी 19 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को चेताया कि कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और सडक़ सुरक्षा को प्राथमिकता में रखा जाए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उपमंडल पुलिस अधिकारी बद्दी एवं नालागढ़, सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं प्रभारी यातायात मौजूद रहे। बैठक में पुलिस जिला बद्दी में विगत माह के दौरान घटित आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई।

विशेष जोर लंबित अभियोगों के शीघ्र निपटारे, निवारक धाराओं में अधिक कार्रवाई, नशे के खिलाफ कठोर अभियान और मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्ती पर रहा। साथ ही प्राप्त शिकायत पत्रों के त्वरित समाधान पर भी चर्चा हुई।

एसपी विनोद धीमान ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित अभियोगों को समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए ताकि पीडि़तों को न्याय मिल सके और पुलिस की कार्यप्रणाली पर आमजन का विश्वास मजबूत हो। उन्होंने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नशे के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए और कहा कि इस सामाजिक बुराई के खिलाफ कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सडक़ दुर्घटनाओं और ट्रैफिक अव्यवस्था को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत अधिक से अधिक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि तेज़ रफ्तार, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी पर तत्काल जुर्माने और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा जन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान भी बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल रहा।

“पुलिस जिला बद्दी में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। नशा समाज को खोखला कर रहा है, इसके खिलाफ हर स्तर पर कार्रवाई होगी। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा की पुलिस जनता के विश्वास को कायम रखने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है” –  विनोद धीमान, एसपी