बिहार चुनाव : आज से भाजपा के चुनावी सभाओ में दिग्गजों की एंट्री
“बिहार विधानसभा चुनाव में आज से बीजेपी के दिग्गजों की एंट्री हो रही है। आज से केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 दिन के बिहार दौरे पर हैं तो बीजेपी के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ दो चुनावी रैलियां करने वाले हैं”
पटना 16 / 10 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
आज से दिग्गजों के नॉमिनेशन भी शुरू हो चुके हैं। आज बीजेपी के दिग्गजों के पर्चा दाखिल करने का दिन है। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुंगेर की तारापुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री और मुंगेर से सांसद ललन सिंह भी मौजूद रहेंगे। दूसरी तरफ महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर सस्पेंस बरकरार है। सीट बंटवारे से पहले ही कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं। पटना से वह चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। गुरुवार को दानापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी रामकृपाल यादव के नामांकन में शामिल होने आ रहे हैं। इसके बाद वह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
यहां के कार्यक्रम के बाद वह सहरसा जाएंगे। वहां भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान विधायक डॉ. आलोक रंजन के नामंकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां भी सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे दानापुर क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाई गई है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर पटना और सहरसा में भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को भगवा झंडों और होर्डिंग्स से सजा दिया है। योगी आदित्यनाथ का यह चुनावी दौरा भाजपा के लिए एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लगभग 11:00 बजे पटना पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे दानापुर जाएंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के स्थानीय नेताओं का कहना है कि योगी आदित्यनाथ का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर देगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सीएम योगी का आगमन हमारे लिए गर्व की बात है। रामकृपाल यादव जैसे जमीनी नेता के समर्थन में उनका यहां आना चुनावी माहौल को और मजबूती देगा।











