जौनपुर के जलालपुर में युवक की गला रेतकर कर हत्या

“जलालपुर थाना क्षेत्र के संघईपुर (कादीपुर) गांव के बगीचे में सोमवार की मनबढ़ युवक ने 22 वर्षीय युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई हत्या से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है”
जौनपुर / जलालपुर 24 / 09 / 2024 मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट
गांव निवासी रोहित चौहान (21) बगीचे में मोबाइल पर गेम खेल रहा था। उसी समय गांव का ही चिघडू चौहान भी वहां पहुंच गया। जब तक रोहित कुछ समझ पाता चिघड़ू ने मोबाइल पर गेम खेल रहे रोहित के सिर के बाल को पकड़ा और चाकू से गर्दन पर कई वार कर दिए।
घटना के समय बगीचे में कई लोग मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना को देखकर लोग भागने लगे। वहीं पर मौजूद गांव के एक युवक राजेश ने विरोध किया तो चिघडू उसकी तरफ चाकू लहराते हुए लपका।
हालांकि उसके बाद भी राजेश ने उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपी भाग निकला। लोगों ने रोहित को उठाकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वह दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। घटना के बाद एसपी सिटी अरविंद वर्मा, सीओ केराकत अजित कुमार व फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई।
थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कई महीने पहले रोहित चौहान व चिघडू चौहान के पिता से गाली गलौज हुई थी।
रोहित ने उसके पिता अरविंद को दो-तीन थप्पड़ भी मार दिया था। उसी रंजिश के चलते यह हत्या होने की बात अभी तक सामने आ रही है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।











