पूर्व विधायक नदीम जावेद मामले में अंडर वर्ल्ड माफिया अबू सलेम के गुर्गे ने खुर्शीद को दी जान से मारने की दी धमकी

“फाइल फोटो – पूर्व विधायक नदीम जावेद”

“कांग्रेस के पूर्व विधायक नदीम जावेद पर उनके ही पूर्व प्रतिनिधि खुर्शीद अनवर खान ने गंभीर आरोप लगाया। सोमवार को खुर्शीद अनवर एसपी डाॅ. अजयपाल शर्मा से मिलने पहुंचे”

जौनपुर 24 / 09 / 2024 वरुण यादव की रिपोर्ट 

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक नदीम जावेद के कहने पर अंडरवर्ल्ड माफिया अबू सलेम के गुर्गे जुल्फी खान ने दुबई से फोन कर मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी है। खुर्शीद ने विधायक के खिलाफ पहले पिटाई कर लूटने के आरोप में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि खेतासराय के पारा कमाल निवासी खुर्शीद अनवर खान वर्तमान समय में अस्थायी रूप से खोवा मंडी निकट किराए के मकान में रहते हैं।

12 सितंबर की रात्रि करीब सवा आठ बजे शकरमंडी के पास मारपीट और लूट की घटना हुई थी। उनकी तहरीर पर थाना कोतवाली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद, दीपक जायसवाल और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

मुकदमे के बाद लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्हें व्हाट्सएप कॉल पर धमकी दी गई कि मैं दुबई से जुल्फी खान बोल रहा हूं। मैं अंडरवर्ल्ड डान अबू सलेम का आदमी हूं। नदीम जावेद के खिलाफ मुकदमा वापस ले लो, वरना तुम्हें जान से मार देंगे।

इसके अलावा लखनऊ से दो बार फोन आया कि मैं अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम का भाई हूं। तुम मुझसे लखनऊ में मिलो। पूर्व विधायक नदीम जावेद के खिलाफ लिखाए गए मुकदमे के संबंध में बात करनी है।