“सुल्तानपुर में सर्राफा व्यवसाई भरत जी सोनी से करोड़ों की लूट में जिले की एस0ओ0जी0 टीम व कोतवाली नगर टीम ने चार बदमाशो को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करोड़ों रुपए क़ीमत का सोना बरामद हुआ है”
सुल्तानपुर 12 / 09 / 2024 शब्द
बीते 28 अगस्त को कोतवाली नगर के चौक ठठेरी बाजार में दिन दहाड़े आभूषण व्यवसाई से सवा करोड़ के जेवरात गन प्वाइंट पर लूट कर पांच बदमाश फरार हो गए थे।
जिसका लाइव वीडियो सामने आया था। घटना के अनावरण के लिए एस0टी0एफ0 समेत सात टीमें लगाई गई।
वारदात का मास्टरमाइंड अमेठी के बदमाश विपिन सिंह ने अगले दिन रायबरेली कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
इसके बाद कोतवाली पुलिस व एस0ओ0जी0 टीम ने दो सितंबर को पुष्पेंद्र सिंह, सचिन सिंह और त्रिभुवन को हॉफ एनकाउंटर में पकड़ा था। इनके पास से पंद्रह किलो चांदी व अड़तीस हजार रुपए बरामद हुए थे।
पांच सितंबर को कोतवाली देहात के मिश्रपुर पुरैना के पास यूपी एसटीएफ ने एक लाख के इनामी जौनपुर के बदमाश मंगेश यादव को ढ़ेर किया था उसके पास से पिस्टल व चांदी बरामद हुई।
अब पुलिस को ये बड़ी सफलता मिली है। आज विपिन की निशान देही पर विवेक सिंह अरविंद यादव दुर्गेश सिंह और विनय शुक्ल को गिरफ्तार किया गया।
लगभग सवा दो किलो सोना बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों में अमेठी के मोहनगंज थाना अंतर्गत भवानी नगर निवासी विवेक सिंह मास्टर माइंड विपिन का भाई है।
उसके विरुद्ध दिल्ली और हरियाणा में केस दर्ज है। जबकि आजमगढ़ के फूलपुर के चमराडीह के अरविन्द यादव पर 21 मामले और रायबरेली के नगर क्षेत्र के दुर्गेश सिंह पर एक मामला दर्ज है।
पुलिस कप्तान सोमेन वर्मा ने बताया कि अब तक सवा दो किलो सोना, 20 किलो चांदी व 47 हजार रूपए कैश बरामद किया गया है।
उनके अनुसार मास्टरमाइंड विपिन सिंह के घर मोहनगंज के भवानी नगर से एक किलो 218 ग्राम सोना बरामद हुआ है।