पहाड़ों पर बारिश का कहर लगातार जारी, जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

“मंगलवार को हिमाचल के कुल्लू और मंडी जिलों में बादल फटने से दो लोगों की मौत हो गई। दो पुल और पांच मकान व दुकानें और कई बीघा कृषि भूमि बह गई। जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के चिशौदी में मलबे से चार और शव मिले हैं, जिसको मिलाकर आपदा में मृतकों की संख्या 67 हो गई है”

नई दिल्ली 20 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश समेत पश्चिमी हिमालयी राज्यों में बारिश का कहर जारी है। मंगलवार को हिमाचल के कुल्लू और मंडी जिलों में बादल फटने से दो लोगों की मौत हो गई। दो पुल और पांच मकान व दुकानें और कई बीघा कृषि भूमि बह गई।

कुल्लू-कालंग सड़क आवाजाही के लिए बंद हो गई है। इससे दुर्गम चार पंचायतों का संपर्क कट गया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के चिशौदी में मलबे से चार और शव मिले हैं, जिसको मिलाकर आपदा में मृतकों की संख्या 67 हो गई है।

हिमाचल प्रदेश में किन्नौर कैलाश यात्रा मार्ग पर पहाड़ से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरव निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। अब तक यात्रा पर पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। इसको देखते हुए प्रशासन ने यात्रा पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

यात्रा 30 अगस्त तक होनी थी। जो श्रद्धालु यात्रा पर निकले गए हैं, उन्हें मलिंग खट्टा से वापस भेजा जा रहा है। राजधानी शिमला के बैनमोर में भूस्खलन के चलते हिमुडा कॉलोनी से 40 लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। मंगलवार शाम क प्रदेश में एक एनएच समेत 357 सड़कें बंद रहीं। वहीं, 872 बिजली ट्रांसफार्मर और 140 पेयजल योजनाएं भी ठप हैं।

चिशोती हादसे में जिंदगी की तलाश जारी

आपदा प्रभावित किश्तवाड़ के चिशोती में चार और शव बरामद किए गए, जिनमें दो महिला और दो पुरुष के शव हैं। मंगलवार को छठे दिन भी लापता लोगों की तलाश में एनडीआरएफ, सेना और सीआईएसएफ की टीमें लगी रहीं। ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद भी ली जा रही है। सुबह आठ बजे के करीब एक घर से महिला का शव मिला। उसके बाद मचैल यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए लंगर रसोई के पास एक पुरुष का शव मिला।

एक महिला का शव पेड़ से लटका पाया गया। टनों मिट्टी तले दबे इन शवों की पहचान भी मुश्किल से हो पा रही है। जम्मू में अचानक आई बाढ़ में बहे आठ साल की लड़की और 20 साल के युवक का शव राजोरी और पुंछ जिले की सीमा के पास मिला है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि चिशोती हादसे के हालात सबके सामने हैं। करीब 70 लोग लापता हैं। दबे लोगों के जिंदा मिलने की उम्मीद बहुत कम है।

मुंबई में एलिवेटेड ट्रैक पर फंसी मोनो रेल, 500 यात्री फंसे

भारी बारिश के दौरान बिजली कट जाने से मंगलवार को वाशी गाव इलाके के पास एलिवेटेड मोनो रेल अटक गई। इसकी वजह से करीब एक घंटे तक 500 लोग इसके अंदर फंसे रहे। बिजली सप्लाई की वजह से ये मोनो रेल वहीं अटक गई।

मुंबई में मंगलवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शहर की रफ्तार थम सी गई है। बीते 48 घंटे में देश की आर्थिक राजधानी में इतनी बारिश हुई कि सड़कों से लेकर मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन के भी पहिए थम गए।

मुंबई के दादर स्टेशन पर रेल पटरियों और बाहर की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। वहीं भारी बारिश के बीच एलिवेटेड मोनो रेल भी अटक गई। करीब एक घंटे तक लोग फंसे रहे। शीशे तोड़कर उन्हें बाहर निकालना पड़ा।

पिथौरागढ़ में बोल्डर गिरने से बच्चे की मौत

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में नैनीसैनी के देवत गांव में पहाड़ी से गिरे बोल्डर एक घर की दीवारों को तोड़ते हुए भीतर घुस गए। बोल्डर के नीचे दबने से बिस्तर पर सो रहे 11 साल के बच्चे की मौत हो गई जबकि उसकी मां सहित चार लोग घायल हो गए। घटना के समय देर रात मृतक के पिता और दोनों मामा रात में होने वाली पूजा के लिए घर से बाहर थे।

पुंछ में उफनती नदी में 30 लोग फंसे

पुंछ जिले में कनूईयां बेला में पुलत्स्य नदी की दो धाराओं के बीच फंसे 30 लोगों को निकालने के लिए पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और एसओजी की टीमों ने चार बार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लोगों के इन्कार करने पर टीमों को बैरंग लौटना पड़ा।

लोगों का कहना है कि उनके साथ दूध देने वाली भैंसे भी हैं जिन्हें छोड़कर वहां से नहीं निकलेंगे। सभी लोग पांच से छह परिवारों के हैं।  जहां फंसे हैं उसके आगे पीछे कई कनाल कृषि भूमि है और इसके दोनों तरफ पुलत्स्य नदी की धाराएं बह रही हैं। प्रदेश में 22 अगस्त से भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है जिससे स्थिति और गंभीर होने का खतरा है।

PREMIUM NEWS

अपनी Premium Membership चुनें

Premium articles बिना restriction पढ़ें।

Monthly

₹99/month

30 days Premium access

You have successfully subscribed to the newsletter

There was an error while trying to send your request. Please try again.

The Politics Again will use the information you provide on this form to be in touch with you and to provide updates and marketing.