पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी: किसानों को सौगात, योग दिवस का नेतृत्व
पश्चिम बंगाल दौरे पर पीएम मोदी: 20-21 जून को देंगे विकास की सौगात, किसान, योग और नौसेना पर रहेगा खास फोकस”
कोलकाता/नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 20 और 21 जून 2026 को पश्चिम बंगाल के अहम दौरे पर रहेंगे। इस दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री हुगली और कोलकाता में कई बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
उनके इस दौरे का मुख्य फोकस कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ और भारतीय नौसेना की आत्मनिर्भरता पर रहेगा।
20 जून: हुगली में पश्चिम बंगाल दिवस और किसानों को ‘महा-तोहफा’
प्रधानमंत्री 20 जून को दोपहर लगभग 3:45 बजे हुगली जिले के ऐतिहासिक तारकेश्वर में ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ समारोह में भाग लेंगे।
इस वर्ष की थीम “पश्चिम बंगाल: विरासत, सद्भाव और विकास” रखी गई है। इस अवसर पर पीएम मोदी किसानों के लिए खजाना खोलेंगे:
-
पीएम-किसान की 23वीं किस्त: देश भर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे (जिसमें पश्चिम बंगाल के 45 लाख किसानों के लिए 900 करोड़ रुपये शामिल हैं)।
-
कृषि योजनाओं का शुभारंभ: राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY), एग्री स्टैक (डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन), प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।
रेलवे और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति
तारकेश्वर के इसी मंच से प्रधानमंत्री लगभग 590 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इनमें हावड़ा जिले में संकराइल-संतरागाछी लिंक लाइन, 300 बिस्तरों वाले नए रेलवे अस्पताल और हौर-राधामोहनपुर के बीच ओवरब्रिज का शिलान्यास शामिल है।
इसके अतिरिक्त, पीएमजीएसवाई-III (PMGSY-III) के तहत 315 किमी लंबी 49 सड़क परियोजनाओं का भी उद्घाटन होगा।
मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए फ्रेजरगंज में आधुनिक मत्स्य बंदरगाह और नादिया जिले के हरिंगहाटा में बकरियों के लिए पूर्वी भारत के पहले ‘क्षेत्रीय वीर्य उत्पादन प्रयोगशाला’ का भी उद्घाटन किया जाएगा।
21 जून: कोलकाता में योग और नौसेना की ‘आत्मनिर्भर’ शक्ति का प्रदर्शन
दौरे के दूसरे दिन 21 जून को प्रधानमंत्री कोलकाता से दो बड़े वैश्विक संदेश देंगे:
-
12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (सुबह 6:30 बजे): पीएम मोदी कोलकाता के प्रसिद्ध रेड रोड पर हजारों लोगों के साथ योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” है।
-
नौसेना को 3 नए जहाजों की सौगात (सुबह 9:15 बजे): श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर प्रधानमंत्री स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों को लॉन्च करेंगे:
-
आईएनएस दूनागिरी (INS Dunagiri): उन्नत स्टील्थ फ्रिगेट
-
आईएनएस संशोधक (INS Sanshodhak): सर्वेक्षण पोत
-
आईएनएस अग्रय (INS Agray): पनडुब्बी रोधी उथले पानी का पोत
-
इन युद्धपोतों का निर्माण कोलकाता के ‘गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स’ (GRSE) द्वारा किया गया है।
इनमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग हुआ है, जिसमें 200 से अधिक MSMEs की अहम भागीदारी रही है।











