पंडोह : छोटे भाई की बारात से लौट रहे भाई-भाभी-भतीजी-फूफा की मौत

“दुल्हन लेकर वापस लौट रही बारात की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गई। बाराती खुशी-खुशी घर आ रहे थे कि लेकिन रास्ते में ही काल ने दूल्हे के बड़े भाई, भाभी, भतीजी समेत पांच लोगों को अपने आगोश में ले लिया। मृतकोंं में एक दूल्हे का फूफा था”

पंडोह 26 / 04 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

बारात से पहले जल्दी घर पहुंचने के चक्कर में निकले दूल्हे के बड़े भाई की कार पंडोह भाखली कुकलाह मार्ग पर हादसे का शिकार हो गई । सडक़ से नीचे पंडोह डैम की तरफ 200 फुट नीचे जा गिरी, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आठ महीने की मासूम बच्ची को घायल अवस्था में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी कार से बाहर तो निकाला गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

गोहर उपमंडल के तरौर गांव निवासी शेर सिंह की बारात शुक्रवार सुबह सराज क्षेत्र के भाटकीधार गई हुई थी। दोपहर बाद जब बारात वापस लौट रही थी, तो दुल्हे के बड़े भाई दुनी चंद थोड़ा पहले रवाना हो गए।शायद उन्होंने घर पर पहले पहुंचकर बारात और दुल्हन के स्वागत की व्यवस्थाएं देखनी थी, लेकिन होनी को शायद कुछ और ही मंजूर था।

कार इतनी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई थी कि इससे शवों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सदर थाना और पंडोह पुलिस टीम ने मौके पर आकर बोट के माध्यम से शवों को पानी के रास्ते सडक़ तक पहुंचाया। शवों को एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए जोनल हास्पिटल मंडी भेज दिया गया है।