Lucknow : बारिश से बचने रुकी किशोरी से गैंगरेप, 5 मजदूर अरेस्ट
लखनऊ में दरिंदगी: बारिश से बचने के लिए निर्माणाधीन बिल्डिंग में रुकी किशोरी से गैंगरेप, हाथ-पैर और मुंह बांधकर की हैवानियत “
लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है।
बारिश से बचने के लिए एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में आसरा लेने गई एक नाबालिग किशोरी के साथ वहां काम कर रहे मजदूरों ने सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 मजदूरों को हिरासत में ले लिया है और मामले की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
बारिश बनी काल, मुंह में कपड़ा ठूंसकर की गई दरिंदगी
जानकारी के अनुसार, पीड़िता आशियाना क्षेत्र में ही एक घर में बच्चों की देखभाल (केयरटेकर) का काम करती है।
मंगलवार शाम को वह रोजमर्रा की तरह अपने काम पर जा रही थी। रास्ते में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए वह पास की एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में खड़ी हो गई।
आरोप है कि बिल्डिंग में काम कर रहे एक मजदूर ने किशोरी को जबरन अंदर खींच लिया और उसके साथ दरिंदगी की।
इस खौफनाक वारदात के दौरान बाकी मजदूर साथी बाहर पहरा देते रहे। कुछ देर बाद जब दूसरे मजदूर ने भी किशोरी के साथ हैवानियत करने की कोशिश की, तो किशोरी ने कड़ा संघर्ष किया।
इससे बौखलाए दरिंदों ने किशोरी को बेरहमी से पीटा, उसके हाथ-पैर बांध दिए और चीख बाहर न जाए, इसके लिए उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
मालकिन की सतर्कता और पड़ोसियों ने बचाई जान
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब किशोरी तय समय पर काम पर नहीं पहुंची। जिस महिला के घर किशोरी काम करती थी, उसे चिंता हुई। महिला ने तुरंत पड़ोसियों से पूछताछ की।
पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने किशोरी को पास की बिल्डिंग की तरफ जाते देखा था। सूत्रों के मुताबिक, किशोरी ने पहले ही अपनी मालकिन को बता रखा था कि उस बिल्डिंग में काम करने वाले कुछ मजदूर उस पर गंदी नजर रखते हैं।
शक गहराने पर महिला ने स्थानीय लोगों को इकट्ठा किया और बिल्डिंग में खोजबीन शुरू की।
तीसरी मंजिल पर बदहवास मिली पीड़िता, भीड़ ने दरिंदों को पीटा
स्थानीय लोग जब खोजते हुए बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर पहुंचे, तो वहां किशोरी बेहद बदहवास और दर्दनाक हालत में मिली। यह देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
छत की पानी की टंकी के पास छिपे बैठे आरोपी मजदूरों को भीड़ ने धर दबोचा और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही आशियाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से बचाकर मजदूरों को हिरासत में लिया। पीड़िता को तत्काल इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस का बयान: एक किशोर पर दुष्कर्म का आरोप, जांच जारी
मध्य जोन के डीसीपी (DCP Central) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच और बयानों के आधार पर मुख्य रूप से एक किशोर पर दुष्कर्म का आरोप है, जबकि अन्य 4 मजदूरों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि किशोरी की हालत अब सामान्य है और सभी आरोपियों के बयान दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।










