जौनपुर : शिक्षकों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
“जौनपुर में उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ की जिला इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को परिषदीय शिक्षक नगर स्थित अंबेडकर तिराहे पर जुटे”
जौनपुर 16 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला के नेतृत्व में शिक्षकों ने 29 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवारत रहने व पदोन्नति हेतु टीईटी की अनिवार्यता पर क्षोभ व्यक्त किया।
शिक्षकों ने इस सुप्रीम आदेश को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उक्त अवधि में नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की।शिक्षक नेताओं ने कहा कि नियुक्ति के डेढ़- दो दशक बाद इस तरह का आदेश थोपा जाना नितांत अनुचित है।
इस अवधि में जब शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी तो वे उस समय निर्धारित योग्यता धारण किए थे ऐसे में अब इस तरह का आदेश न केवल अनर्गल है बल्कि शिक्षकों को मानसिक पीडा देने वाला है।
शिक्षक संघ ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला प्रशासन के जरिए प्रदेश के मुख्यमंत्री, राष्ट्र के शिक्षा मंत्री व प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) को प्रेषित किया है।
ज्ञापन देने से पूर्व शिक्षकों ने अंबेडकर तिराहे से इस सुप्रीम आदेश व के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे।शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर इसके विरोध में जोरदार नारेबाजी की। काला कानून वापस लो, रोजी रोटी से खिलवाड़ नहीं चलेगा- नहीं चलेगा आदि नारों से काफी देर तक कलेक्ट्रेट परिसर गूंजता रहा।











