जौनपुर : सड़क पर शव रखकर किन्नरों ने किया चक्काजाम, पति समेत 6 पर हत्या का मुकदमा दर्ज
“सड़क दुर्घटना में कार सवार एक किन्नर की रविवार को मौत हो गई थी। सोमवार को साथी किन्नरों ने कार चालक और उसके पांच साथियों पर हत्या का आरोप लगा शव को थाने के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुबह करीब एक घंटे तक प्रदर्शन के चलते जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस कार चालक और उसके पांच साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है”
मुंगराबादशाहपुर 22 / 04 / 2025 मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट
पुलिस ने बताया कि शनिवार की शाम को थाना क्षेत्र के सरायरूस्तम गांव निवासी अंजली किन्नर (30) कार से कोदहूं निवासी अपने पति अंबुज मौर्या के साथ प्रयागराज गई थी। रविवार की सुबह लौटते समय पांडेयपुर गांव के पास कार सड़क किनारे खाई में चली गई। हादसे में अंजली की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंबुज को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अंजली की मौत की खबर सुनते ही रविवार की शाम साथी किन्नरों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने के लिए थाना में जमकर हंगामा किया था। सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद अंजली का शव घर पहुंचते ही किन्नरों में आक्रोश फैल गया। शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे सड़कें के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
किन्नरों का आरोप है कि अंबुज मौर्या व उसके पांच साथियों ने किन्नर अंजली की हत्या कर दी। करीब एक घंटे के बाद पुलिस के समझाने बाद जाम को समाप्त किया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि अंबुज मौर्या व उसके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।










