Katihar Road Accident

कटिहार में भीषण सड़क हादसा: बस और पिकअप की टक्कर में 13 की मौत

बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसा: बस और पिकअप की जोरदार टक्कर में 13 लोगों की दर्दनाक मौत, पीएम और सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

कटिहार: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-31 पर बासगढ़ा चौक के पास शनिवार शाम एक बस और पिकअप वैन की सीधी टक्कर में 13 लोगों की जान चली गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 10 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 अन्य की मौत पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) में इलाज के दौरान हो गई। इस दुर्घटना में 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

झारखंड के मेले से लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन में लगभग 22 लोग सवार थे। ये सभी श्रद्धालु झारखंड के कठिया मेला धाम से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे।

अधिकांश मृतक और घायल पूर्णिया जिले के रानीपतरा और डगरुआ क्षेत्र (मुख्य रूप से सूहवा और हसनगंज के सपनी गांव) के निवासी हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार बस ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, तभी उसने सामने से आ रही पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार सदानंद मुर्मू (40 वर्ष) की भी मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में घायलों की स्थिति नाजुक, एसपी ने लिया जायजा

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को पूर्णिया जीएमसीएच रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान तलू सुरेन (48), दुर्गा बाशकी (60) और रंजीता हेम्ब्रम (55) ने भी दम तोड़ दिया।

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. भरत कुमार ने बताया कि मेडिकल टीम घायलों को बचाने का हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन कुछ लोगों की स्थिति अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया की पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वीटी सहरावत ने देर रात अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

उन्होंने 13 मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि कटिहार पुलिस के साथ मिलकर मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया गहरा शोक

इस हृदयविदारक घटना पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बयान जारी कर इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया। प्रधानमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष’ (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया गया है।

सीएम नीतीश कुमार ने दिए राहत और बचाव के निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कटिहार हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से मृतकों के आश्रितों को ‘मुख्यमंत्री राहत कोष’ से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

PREMIUM NEWS

अपनी Premium Membership चुनें

Premium articles बिना restriction पढ़ें।

Monthly

₹99/month

30 days Premium access

You have successfully subscribed to the newsletter

There was an error while trying to send your request. Please try again.

The Politics Again will use the information you provide on this form to be in touch with you and to provide updates and marketing.