गाजीपुर एनकाउंटर: विनीत राय हत्याकांड का इनामी बदमाश ढेर
गाजीपुर मुठभेड़: विनीत राय हत्याकांड का आरोपी 1 लाख का इनामी बदमाश कमलेश बिंद ढेर”
गाजीपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से अपराध और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर एक बड़ी खबर सामने आई है।
चर्चित होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में नामजद और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी बिंद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है।
‘The Politics Again’ की रिपोर्ट के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था इलाके में देर रात हुई इस मुठभेड़ में बदमाशों की फायरिंग से SOG प्रभारी रोहित मिश्रा के कंधे में भी गोली लगी है, जिससे वे घायल हो गए हैं।
क्या था विनीत राय हत्याकांड का पूरा मामला?
ज्ञात हो कि बीती 30 मई की रात करीब 11:15 बजे गौसाबाद स्थित ‘बिंदु होटल’ के सामने बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने होटल संचालक विनीत राय उर्फ हनी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे जिले में भारी आक्रोश था और पुलिस पर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी का भारी दबाव था।
पुलिस की सघन जांच में इस हत्याकांड के तार ‘कटरा गैंग’ से जुड़े, जिसमें शंकर पांडेय, सोनू उर्फ जगदीश यादव, आलोक दुबे और कमलेश बिंद को नामजद किया गया था। पुलिस ने इन फरार आरोपियों पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
इनपुट मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज राजा ने इस पूरे घटनाक्रम पर बयान जारी करते हुए बताया कि विनीत राय हत्याकांड के बाद दर्ज मुकदमे में 4 नामजद और 3 अज्ञात अभियुक्तों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
इसी कड़ी में पुलिस को मुख्य अभियुक्त कमलेश चौधरी बिंद के मूवमेंट का सटीक इनपुट मिला।
जवाबी फायरिंग में मारा गया कमलेश
एसपी डॉ. ईरज राजा के अनुसार, जब पुलिस टीम कुर्था इलाके में बदमाश को पकड़ने पहुंची, तो खुद को घिरता देख कमलेश ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
इसी फायरिंग में SOG प्रभारी रोहित मिश्रा घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस उसे तत्काल इलाज के लिए जिला राजकीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल घायल SOG प्रभारी का इलाज जारी है और पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में कॉम्बिंग कर रही है।










