Muzaffarpur Prasad Hospital Fire

बिहार / मुजफ्फरपुर: प्रसाद अस्पताल के ICU में आग, 4 की मौत

मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल के ICU में लगी भीषण आग, 4 की मौत, कई हताहत”

मुजफ्फरपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। गुरुवार तड़के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भीषण आग लग गई।

‘The Politics Again’ को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोगों के हताहत होने की आशंका है।

मौतों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है, क्योंकि कई मरीजों को गंभीर और बेसुध हालत में निकाला गया है।

रात 2 बजे भड़की आग, मची अफरातफरी

जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर स्थित आईसीयू में गुरुवार रात करीब 2 बजे अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते पूरे अस्पताल परिसर में दमघोंटू धुआं भर गया, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

आग की सूचना शोरगुल से स्थानीय ब्रह्मपुरा थाने की पुलिस को मिली, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया।

10 से 15 लोगों को बेसुध हालत में निकाला गया

दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकलकर्मियों के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 10 से 15 लोगों को बेसुध अवस्था में बाहर निकाला गया। अफरातफरी के माहौल के कारण सुबह तक मौतों का सटीक आंकड़ा स्पष्ट नहीं हो पा रहा था।

निकाले गए मरीजों को आनन-फानन में आसपास के अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है।

डीएम ने लिया जायजा, अस्पताल की लापरवाही की शिकायत

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच की जाएगी।

फिलहाल जिला प्रशासन की टीमें आसपास के उन अस्पतालों में जा रही हैं, जहां बेसुध मरीजों को शिफ्ट किया गया है, ताकि उनका सही इलाज सुनिश्चित किया जा सके और हताहतों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।