JAUNPUR

जौनपुर में खेत की बाड़ में दौड़े करंट से किसान की मौत, हंगामा

जौनपुर: खेत की बाड़ में दौड़े करंट से किसान की दर्दनाक मौत, 10 घंटे के भारी हंगामे के बाद माने परिजन “

जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई बाड़ में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय किसान रामलाल गौतम की मौत हो गई।

इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने शव उठाने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट गए।

करीब 10 घंटे तक चले भारी हंगामे और मुआवजे व कार्रवाई के ठोस आश्वासन के बाद ही रात 3 बजे शव को अंतिम संस्कार के लिए उठाया जा सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

धान की बेहन डालने गए थे खेत, सब्जी की बाड़ बनी काल

यह पूरी घटना सराय दुर्गादास गांव की है। मृतक के बड़े भाई संतोष गौतम ने बताया कि रामलाल गौतम गांव के ही जनार्दन मिश्रा का खेत किराये पर लेकर उसमें धान की बेहन (नर्सरी) डालने की तैयारी कर रहे थे।

मंगलवार शाम करीब पांच बजे जब रामलाल खेत में काम करने पहुंचे, तभी वह पास ही स्थित प्रमोद मिश्रा के सब्जी के खेत के चारों तरफ लगाई गई लोहे के तारों की बाड़ की चपेट में आ गए।

इस बाड़ में जानलेवा करंट दौड़ रहा था। बुरी तरह झुलसे रामलाल को परिजन तुरंत कोल्हुआ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने काटा हंगामा, 5 थानों की फोर्स तैनात

शाम करीब 7 बजे जब परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 20 लाख रुपये का मुआवजा, आवास और कृषि पट्टा दिए जाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महराजगंज, सुजानगंज, तेजी बाजार और सिंगरामऊ समेत पांच थानों की भारी पुलिस फोर्स और बदलापुर के क्षेत्राधिकारी (CO) मौके पर पहुंच गए।

प्रशासन के लिखित आश्वासन पर रात 3 बजे उठा शव

रातभर चले इस गतिरोध को खत्म करने के लिए बदलापुर के तहसीलदार योगेंद्र पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया। प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया कि:

  • मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी।

  • मृतक के नाबालिग बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च ‘मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना’ के तहत सरकार उठाएगी।

  • परिवार को कृषि पट्टा आवंटित किया जाएगा।

  • मृतक की पत्नी को नजदीकी प्राथमिक विद्यालय में रसोईया के पद पर प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी।

इस ठोस आश्वासन के बाद रात करीब 3 बजे परिजनों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने शव को अंतिम संस्कार के लिए पुलिस को सौंपा।

परिवार पर टूटा गमों का पहाड़

इस दुखद घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक की पत्नी माधुरी बेसुध हैं। बुजुर्ग पिता जय करन और माता कर्मा देवी के बुढ़ापे की लाठी छिन गई है।

रामलाल का युवा बेटा शिवा, जो हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास कर कोल्हापुर (महाराष्ट्र) की एक निजी कंपनी में काम करने गया था, पिता की मौत की मनहूस खबर सुनकर वापस घर लौट रहा है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है।

Santosh SETH

Recent Posts

वाराणसी: पंखा फैक्ट्री में भीषण आग, अस्पताल में भरा धुआं, मची अफरातफरी

वाराणसी के मुढ़ैला में पंखा फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड: जहरीले धुएं से मेघना अस्पताल में…

4 hours ago

दिल्ली : आधी रात को सौरभ भारद्वाज हिरासत में, AAP करेगी PHQ का घेरा

दिल्ली 'थप्पड़ कांड' पर संग्राम तेज: आधी रात को सौरभ भारद्वाज समेत AAP नेता हिरासत…

4 hours ago

म्यांमार: सेना का भीषण हवाई हमला; रखाइन बाजार में 33 की मौत, 36 घायल

म्यांमार के रखाइन में सेना का खूनी खेल: विद्रोही गुट के इलाके में भरे बाजार…

5 hours ago

राज्यसभा चुनाव : स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी और वरुण गांधी के नाम की चर्चा

यूपी राज्यसभा चुनाव: BJP के 8 सीटों पर जीत के आसार, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी…

5 hours ago

दिल्ली प्रदूषण : 1 नवंबर से निर्माण पर रोक, 50% कर्मचारियों को WFH

दिल्ली में प्रदूषण पर 'सर्जिकल स्ट्राइक': 1 नवंबर से निर्माण कार्यों पर रोक, 50% कर्मचारियों…

5 hours ago

दिल्ली : मंत्री प्रवेश वर्मा पर NCR और आप विधायक जरनैल सिंह पर FIR दर्ज

दिल्ली 'थप्पड़ कांड' में पुलिस का डबल एक्शन: मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ BNS की…

7 hours ago