असम, केरल और पुडुचेरी में आज थमेगा चुनाव प्रचार, 9 को मतदान
महा-संग्राम 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में आज शाम थमेगा चुनाव प्रचार, 9 अप्रैल को वोटिंग “
नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट
देश के तीन राज्यों- असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आज (मंगलवार) शाम चुनाव प्रचार का शोर पूरी तरह से थम जाएगा।
आगामी 9 अप्रैल को इन तीनों जगहों पर एक ही चरण में मतदान होना है। ‘The Politics Again’ की चुनावी डेस्क हेड श्रीमती शिल्पा की विशेष रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोटिंग
असम की 126 विधानसभा सीटों, केरल की 140 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों के लिए गुरुवार (9 अप्रैल) को एक साथ वोट डाले जाएंगे।
अगर केवल केरल की बात करें तो यहां 140 सीटों के लिए 890 उम्मीदवार चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। राज्य में कुल 2.71 करोड़ मतदाता (1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 तृतीय लिंग) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके अलावा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता भी इस महा-पर्व में हिस्सा लेने के पात्र हैं।
केरल में दिग्गजों ने झोंकी ताकत
केरल की राजनीति पर लंबे समय से कांग्रेस नीत यूडीएफ (UDF) और माकपा नीत एलडीएफ (LDF) का ही दबदबा रहा है।
लेकिन इस बार भाजपा नीत एनडीए (NDA) इसे त्रिकोणीय मुकाबला बनाने की कोशिश में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में कई विशाल रैलियां और रोड शो किए।
सोमवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी धुआंधार प्रचार किया। वहीं, सत्तारूढ़ एलडीएफ के प्रचार की कमान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने संभाल रखी है।
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु: आज नामांकन पत्रों की जांच
एक तरफ जहां तीन राज्यों में प्रचार थम रहा है, वहीं दूसरी तरफ तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के चुनावों को लेकर भी आज अहम दिन है।
मंगलवार को तमिलनाडु में एक चरण के मतदान और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच (Scrutiny) की जाएगी।
दोनों राज्यों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को खत्म हो गई है। सभी उम्मीदवार गुरुवार (9 अप्रैल) तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान और नतीजों का पूरा शेड्यूल:
-
9 अप्रैल: असम (126 सीट), केरल (140 सीट) और पुडुचेरी (30 सीट) में मतदान।
-
23 अप्रैल: तमिलनाडु (सभी 234 सीटें) और पश्चिम बंगाल का पहला चरण (152 सीटें)।
-
29 अप्रैल: पश्चिम बंगाल का दूसरा चरण (142 सीटें)।
-
4 मई: सभी चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव नतीजे (मतगणना)।











