सीएम योगी का तंज: जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़वाएगी सपा-कांग्रेस?
अयोध्या से सीएम योगी की हुंकार: “हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने वाली सपा, क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़वाएगी?
अयोध्या: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को लेकर चल रहे हालिया विवादों के बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे।
इस दौरे पर सीएम योगी ने अयोध्यावासियों को 432 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी।
लोकार्पण और शिलान्यास के इस भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आक्रामक मुद्रा में नजर आए।
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य विपक्षी दलों—समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।
हनुमानगढ़ी और जामा मस्जिद का किया जिक्र
विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए सीएम योगी ने एक पुरानी घटना का जिक्र किया। उन्होंने अयोध्या की जनता से सीधा संवाद करते हुए पूछा कि जिन लोगों ने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया था, क्या वे जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकते हैं?</span>
उन्होंने कहा, “लंबे समय तक अयोध्या की घोर उपेक्षा की गई। जो लोग आज दिखावटी रामभक्ति की बात कर रहे हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज़ पढ़ने का आयोजन करवाया था।
मैं उनसे पूछना चाहता हूँ कि क्या कांग्रेस या समाजवादी पार्टी कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित कर पाएगी? अगर नहीं, तो फिर उन्होंने यह पाप क्यों किया था?”
‘सपा ने चलवाईं गोलियां, कांग्रेस ने नकारे राम’
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास और पिछली सरकारों की विफलताओं की तुलना करते हुए कहा कि आज लाखों श्रद्धालु बिना किसी डर के अयोध्या आ रहे हैं।
हमारी सरकार ने अयोध्या को विश्व स्तर पर एक नई और भव्य पहचान दी है। आज यह पवित्र नगरी बेहतरीन सड़कों, रेलवे और अत्याधुनिक हवाई मार्ग से जुड़ चुकी है।
उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के दिनों को याद दिलाते हुए सपा और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “समाजवादी पार्टी ने निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं थीं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने अदालत में हलफनामा देकर प्रभु राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठा दिया था।
इन दोनों पार्टियों (सपा-कांग्रेस) ने मिलकर अयोध्या के सामने पहचान का एक बड़ा संकट खड़ा कर दिया था।”
विकास से घबराया है विपक्ष
अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि विपक्ष के वर्तमान विरोध का मुख्य कारण उनका राजनीतिक स्वार्थ है।
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस वाले अपने शासनकाल में अयोध्या का कोई विकास नहीं कर पाए और अब जब यहां अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं, तो वे हताश होकर सिर्फ विरोध की राजनीति कर रहे हैं।











