जौनपुर पहुंचे सीएम योगी, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के पिता को दी श्रद्धांजलि
“उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जौनपुर का दौरा किया। वे यहां राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के पैतृक आवास समसपुर पनियरिया पहुंचे और उनके दिवंगत पिता स्वर्गीय सवधु यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की”
जौनपुर (ब्यूरो): ११ / १२ / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
परिजनों के बीच सीएम योगी मुख्यमंत्री ने मंत्री के आवास पर पहुंचकर उनके पिता के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने घर के भीतर जाकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की।
सीएम योगी ने राज्यमंत्री की माता जी और अन्य परिवारजनों से बात कर उन्हें ढाढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री यहाँ लगभग 10 मिनट तक रुके।
भीड़ का अभिवादन और नारेबाजी
आवास से बाहर निकलते समय मुख्यमंत्री ने पुलिस घेरे के बाहर जमा हुए कार्यकर्ताओं और आम जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान भीड़ ने उत्साहपूर्वक ‘जय श्री राम’ और ‘राधे-राधे’ के नारे लगाए। इसके तुरंत बाद सीएम अपनी कार से हेलीपैड के लिए रवाना हो गए।
अफसरों से ली जिले की जानकारी
हेलीपैड स्थल पर मुख्यमंत्री ने जिले के आला अधिकारियों और भाजपा नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने डीआईजी वैभव कृष्ण, डीएम डॉ. दिनेश चंद्र सिंह और एसपी डॉ. कौस्तुभ से जिले की कानून-व्यवस्था और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। साथ ही वहां मौजूद विधायकों और जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत की।
दोपहर करीब 1:45 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री डॉ. स्वतंत्रदेव सिंह के साथ हेलीकॉप्टर द्वारा वाराणसी के लिए प्रस्थान कर गए। इस पूरे दौरे के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।











