बिहार : पटना में भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की मौत, 4 गंभीर घायल
“बिहार की राजधानी पटना के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के पास शनिवार सुबह एक ट्रक और ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे में आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं”
पटना 23 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
मृतकों में सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के मुताबिक, ऑटो में सवार होकर ये सभी लोग फतुहा में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
सभी मृतक नालंदा ज़िले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव निवासी थे। पटना के ग्रामीण एसपी ने घटना की पुष्टि की और बताया कि सभी घायलों को तत्काल पटना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह भादो की अमावस्या सुबह गंगा नदी में डुबकी लगाकर लौट रहे थे, लेकिन लौटते वक्त सड़क पर मौत ने आकर उन्हें घेर लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कई शव सड़क पर बिखर गए। मौके पर ही सन्नाटा पसर गया, आसपास खड़े लोग चीखते-चिल्लाते रह गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटना के शाहजहांपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल चार यात्रियों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, हादसे को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियामा में ट्रक और ऑटो रिक्शा में हुई टक्कर में आठ लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
नीतीश कुमार ने कहा कि यह घटना काफी दुःखद है। सभी मृतक नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलामा गांव के निवासी थे। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।











