दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक: बैरियर तोड़ घुसी UP नंबर की कार
दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक: VIP गेट का बैरियर तोड़ घुसी UP नंबर की कार, नकाबपोश ने रखा गुलदस्ता “
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट
देश की राजधानी स्थित दिल्ली विधानसभा (Delhi Legislative Assembly) में सोमवार को सुरक्षा में एक बहुत बड़ी और हैरान करने वाली चूक का मामला सामने आया है।
दोपहर करीब दो बजे एक सफेद रंग की उत्तर प्रदेश (UP) रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार वीआईपी गेट का बैरियर तोड़ते हुए सीधे विधानसभा परिसर के अंदर घुस गई।
इस दुस्साहसिक घटना ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
नकाबपोश शख्स ने स्पीकर के दफ्तर के बाहर रखा गुलदस्ता
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना विधानसभा के गेट नंबर-2 पर हुई, जिसे वीआईपी (VIP) गेट माना जाता है और जहां से केवल खास अतिथियों और विधायकों का ही आना-जाना होता है।
कार चालक ने तेजी से गाड़ी लाते हुए बैरियर तोड़ दिया। इसके बाद कार से एक नकाबपोश शख्स नीचे उतरा।
वह सीधा विधानसभा अध्यक्ष (Speaker) विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और पोर्च के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखकर आराम से वापस लौट गया।
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इमारतों में से एक में कोई बाहरी व्यक्ति बैरियर तोड़कर कैसे घुस सकता है और बिना किसी रोक-टोक के वापस भी कैसे जा सकता है?
अधिकारी इसे एक संभावित और बेहद गंभीर “सुरक्षा उल्लंघन” (Security Breach) के रूप में देख रहे हैं।
हाल ही में मिली थी बम से उड़ाने की धमकी
यह सुरक्षा चूक इसलिए भी ज्यादा खौफनाक है क्योंकि हाल ही में संपन्न हुए बजट सत्र के दौरान दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने के धमकी भरे संदेश मिले थे।
उन धमकियों के बाद सुरक्षा चाक-चौबंद करने के दावे किए गए थे, लेकिन इस नकाबपोश की एंट्री ने उन दावों की हवा निकाल दी है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि कार के नंबर और उस नकाबपोश शख्स की पहचान की जा सके।










