पीएम मोदी भाजपा स्थापना दिवस

BJP Foundation Day: PM मोदी का भावुक संदेश, देखे वीडियो

BJP स्थापना दिवस पर PM मोदी का बड़ा संदेश: ‘पार्टी हमारी मां’, अध्यक्ष नितिन नवीन की तारीफ और UCC पर हुंकार “

नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष वीडियो संदेश के जरिए देशभर के करोड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने इस दिन को महज एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए एक बेहद ‘भावुक अवसर’ करार दिया।

उन्होंने पार्टी के संघर्ष, आरएसएस की प्रेरणा और भविष्य के विजन (UCC और वन नेशन-वन इलेक्शन) पर खुलकर बात की।

‘हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं’

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, “भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं।

यह दिन हमें पार्टी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का मौका देता है कि पार्टी ने हमें राष्ट्रसेवा का सौभाग्य दिया।”

उन्होंने उन लाखों अज्ञात कार्यकर्ताओं के तप और त्याग को नमन किया, जिनकी बदौलत आज भाजपा इस शिखर पर पहुंची है।

नए अध्यक्ष नितिन नवीन की जमकर तारीफ

पीएम मोदी ने मौजूदा विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं में दिख रही नई ऊर्जा की सराहना की।

इस दौरान उन्होंने पार्टी के नए अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यों की विशेष रूप से तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा, “कार्यकर्ताओं में इस ऊर्जा को देखकर ऐसा लग रहा है कि नवीन जी (बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन) ने पार्टी में नवीनता भर दी है।”

RSS की प्रेरणा और ‘राष्ट्र प्रथम’ का सिद्धांत

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का उल्लेख करते हुए कहा कि आरएसएस के पवित्र वट वृक्ष के नीचे ही उन्हें राजनीति में शुचिता और सेवा की प्रेरणा मिली।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने 1984 के दौर को याद किया, जब कांग्रेस ने रिकॉर्ड सीटें जीती थीं लेकिन जनता के साथ विश्वासघात किया।

पीएम ने कहा, “हमारे आने से राजनीति में दो धाराएं स्पष्ट हो गईं- एक ‘सत्ता आधारित राजनीति’ (कांग्रेस) और दूसरी ‘सेवा आधारित राजनीति’ (भाजपा)। आज हमें गर्व है कि हमने राजनीति में ‘राष्ट्र प्रथम’ का नया सिद्धांत स्थापित किया।”

राम मंदिर से लेकर UCC तक का विजन

पीएम मोदी ने भाजपा सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अंग्रेजों के काले कानूनों का अंत, नया संसद भवन, गरीबों को 10% आरक्षण, तीन तलाक पर रोक, CAA और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण भाजपा के ईमानदार प्रयासों का नतीजा है।

भविष्य के रोडमैप पर बात करते हुए पीएम ने साफ किया कि मिशन अभी रुका नहीं है। उन्होंने कहा, “यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और वन नेशन-वन इलेक्शन जैसे विषयों पर आज देश में गंभीर चर्चा हो रही है और हम हर चुनौती का ईमानदारी से सामना करेंगे।”