Pune Hooch Tragedy News

पुणे में जहरीली शराब से 12 की मौत, CM फडणवीस का कड़ा एक्शन

पुणे में जहरीली शराब का कहर : 12 लोगों की दर्दनाक मौत, 8 गिरफ्तार, CM फडणवीस ने दिए जड़ से उखाड़ने के निर्देश “

पुणे: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में जहरीली शराब (Hooch Tragedy) पीने से एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है।

इस जानलेवा शराब को पीने से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के तूल पकड़ने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

वहीं, पुलिस की शुरुआती कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि कल तक पुलिस इन मौतों को ‘प्राकृतिक मौत’ (Natural Death) बताकर पल्ला झाड़ रही थी।

कहां कितनी मौतें और कौन हैं शिकार?

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब मौतों का आधिकारिक आंकड़ा जारी किया है:

  • पिंपरी-चिंचवड़: पुलिस एसीपी सचिन हिरे और डीसीपी संदीप आटोले ने इस इलाके में 8 लोगों (जिनमें से 7 की आधिकारिक पुष्टि की गई है) की मौत की जानकारी दी है।

  • पुणे सिटी: पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार के अनुसार, पुणे सिटी के अधिकार क्षेत्र वाले हडपसर इलाके में कुल 4 मौतें हुई हैं।

मृतकों की पहचान: इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग हडपसर और सासानेनगर इलाके के निवासी थे।

मृतकों में दत्ता माधवराव सूर्यवंशी (55), अशोक रमेश चव्हाण (52), राहुल शरद क्षीरसागर (45), विजय भुकुरलाल शर्मा (45) और अरुण दादर शामिल हैं।

ऐसे तैयार हुआ ‘मौत का कॉकटेल’: पुलिस जांच के बड़े खुलासे

पुलिस की प्राथमिक जांच में अवैध शराब के पूरे नेक्सस (Nexus) का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • मुख्य साजिशकर्ता: आरोपी योगेश वानखेडे ने उरुली कांचन के राजू प्रजापति से अवैध शराब खरीदी थी।

  • मुनाफा कमाने के लिए उसने इस शराब में पानी और अत्यंत जहरीला औद्योगिक केमिकल मेथनॉल (Methanol) मिला दिया।

  • मिलावट का अड्डा: जांच में सामने आया है कि इस जहरीली शराब में मिलावट का यह पूरा खेल कल्पेश अग्रवाल की ताड़ी की दुकान में किया गया था।

  • सप्लाई चेन: यह जानलेवा शराब फुगेवाड़ी के कर्नेलसिंह विरका, हडपसर के आकाश जाधव और दापोली के पप्पू कुरैशी द्वारा चलाए जा रहे अवैध शराब अड्डों के जरिए बेची गई।

  • इसके अलावा, इसकी एक खेप शिवाजीनगर के वडारवाड़ी निवासी आर्यन संजय धोत्रे को भी सप्लाई की गई थी।

CM देवेंद्र फडणवीस का कड़ा एक्शन: ‘इकोसिस्टम किया जाएगा तबाह’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

  • सख्त निर्देश: सीएम ने पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तों को निर्देश दिया है कि वे आपसी समन्वय के साथ जांच करें और अवैध शराब के अड्डों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करें।

  • इकोसिस्टम पर प्रहार: फडणवीस ने कहा,

  • “इसमें 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हमने इस अवैध कारोबार के पूरे इकोसिस्टम को ढूंढ निकाला है। यह नेक्सस कहां तक फैला है, इसकी जड़ों तक जाकर हम इसे पूरी तरह समाप्त करेंगे।”

इस घटना की जांच में पुलिस के साथ-साथ आबकारी विभाग (Excise Department) की टीमें भी जुट गई हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों पर सख्त धाराएं लगाई गई हैं।