मऊ में CM योगी की दहाड़: माफियाओं की होगी रावण-कंस जैसी दुर्गति
मऊ में CM योगी की माफियाओं को खुली चेतावनी : ‘धार्मिक आयोजनों में डाला खलल, तो होगी रावण और कंस जैसी दुर्गति’
मऊ/लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मऊ पहुंचे। यहां उन्होंने करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में नजर आए और उन्होंने राज्य के माफियाओं व गुंडों को खुली चेतावनी दी।
बिना किसी का नाम लिए मुख्यमंत्री ने 21 साल पहले हुए ‘मऊ दंगे’ का जिक्र किया और स्पष्ट किया कि आज के उत्तर प्रदेश में किसी भी माफिया या गुंडे की इतनी हिम्मत नहीं है कि वह खुली जीप में हथियार लहराकर किसी को डरा-धमका सके।
’21 साल पहले मऊ को जलाने का कुत्सित प्रयास हुआ था’
मऊ की जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने 2005 के दंगों की याद दिलाई। उन्होंने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा:
-
“2005 में, 21 वर्ष पहले इसी मऊ को जलाने का कुत्सित प्रयास किया गया था। सत्ता के संरक्षण में पल रहे माफियाओं ने रामलीला के आयोजनों में व्यवधान पैदा किया था। उस समय यहां की सुरक्षा खतरे में थी और अराजकता का तांडव मचा हुआ था।”
-
सपा-कांग्रेस पर निशाना: उन्होंने कहा कि पहले रामलीला, रामनवमी और जन्माष्टमी जैसे पर्व नहीं मनाने दिए जाते थे।
-
समाजवादी पार्टी (SP) माफिया और गुंडों के सामने नतमस्तक थी और उन्हें देखकर पसीने छूटते थे। कांग्रेस और सपा के समय में गुंडे गरीबों का राशन डकार जाते थे।
‘त्योहार में व्यवधान डाला तो यमराज करेगा इंतजार’
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ (Zero Tolerance) की नीति को दोहराते हुए कहा कि अब कोई भी माफिया किसी पर्व-त्योहार में उपद्रव पैदा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता।
-
रावण जैसी दुर्गति: सीएम योगी ने कड़े शब्दों में कहा, “अगर किसी माफिया ने किसी रामलीला, यज्ञ-कथा, रामनवमी, शिवरात्रि या जन्माष्टमी में व्यवधान डाला… तो पर्व तो मनेगा, लेकिन उसके बाद यह तय है कि उस माफिया की रावण और कंस जैसी दुर्गति होगी।”
-
महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा: उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी ने बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की, तो उस सेंध लगाने वाले का इंतजार केवल यमराज ही करेगा।
‘अब खुली जीप में हथियार लहराने का दौर खत्म’
सीएम योगी ने राज्य में बदले हुए माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि आज कोई भी माफिया पिस्तौल लहराते हुए, खुली जीप में चलकर किसी भी हिंदू या आम नागरिक को धमका नहीं सकता।
उन्होंने आश्वासन दिया कि बिना रुके, बिना थके और बिना किसी भेदभाव के अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी।











