बद्दी – रत्ता खड्ड में अवैध खनन से खोदे गड्ढों में डाली जा रही उद्योगों की राख
“हिम परिवेश संस्था की बैठक में रत्ता खड्ड में हो रहे अवैध खनन पर चिंता जताई गई और प्रशासन व खनन विभाग से माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई”
बद्दी 25 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
संस्था के प्रवक्ता नरेश घई ने कहा कि रत्ता खड्ड में लगातार अवैध खनन हो रहा है। खनन के बाद खोदे गए गड्ढों में उद्योगों की राख डाली जा रही है।
यह राख उड़ कर लोगों के घरों में जा रही है। जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। खड्ड का दूषित पानी पीकर लोगों के पशु बीमार हो रहे हैं।
बैठक में संस्था के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर यह खनन नहीं रोका गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यहां पर लीज पर जमीन ली है। उनकी निशानदेही कराने के बाद पक्के निशान लगाए जाएं।
यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और यह बताया जाए कि यहां पर कितना गहरा गड्ढा खोदना है। बैठक में संस्था के बाल किशन शर्मा, अध्यक्ष लक्ष्मी चंद ठाकुर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
उधर, प्रदूषण बोर्ड के वरिष्ठ अभियंता प्रवीण गुप्ता ने बताया कि विभाग ने खड्ड में फेंकी गई राख के सैंपल ले लिए है। जिस भी कंपनी की राख होगी उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।











