बद्दी – भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक किए गए डायवर्ट
“त्योहारी सीजन के चलते बद्दी शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। बद्दी शहर और नेशनल हाईवे बद्दी-नालागढ़ पर पुलिस जवानों की गश्त बढ़ाई गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों से ट्रैफिक को डायवर्ट कर बाईपास से भेजा जा रहा है”
बद्दी 25 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
यातायात के विभिन्न मुद्दों को लेकर व पुलिस की ओर से किए गए आंशिक बदलाव को लेकर एसपी बद्दी के कार्यालय में बस, ऑटो, ट्रक यूनियन व रोड सेफ्टी क्लब की अलग-अलग बैठकें हुईं।
इसमें पटेल एंड कंपनी जो कि फोरलेन का निर्माण कर रही है की ओर से भी अधिकारी शामिल हुए। एएसपी अभिषेक कुमार ने यातायात के बेहतर संचालन और सुधार के लिए जो खाका तैयार किया है, उसके बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि संडोली बाईपास से दावत चौक तक ट्रकों का परिचालन बंद किया गया है और अब ट्रक गैस प्लांट, सिक्का होटल चौक व मलकू माजरा मोरपिन रोड से ही औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगे।
इसी तरह उद्योगों में कार्यरत निजी बसों के लिए साईं रोड पर तीन से चार बस ठहराव निर्धारित किए गए हैं और अब हर कंपनी को बसें वहीं रोकनी होगी, वरना उन पर कार्रवाई की जाएगी।
ऑटो यूनियन के पदाधिकारी गुरविंद्र सिंह व चिरागदीन ने कहा कि सबसे ज्यादा जाम वर्धमान चौक व एनआरआई चौक पर लगता है। इस कारण ऑटो व अन्य वाहन चालक परेशान होते हैं।
एएसपी ने कहा कि इस समस्या का हल किया जाएगा। उन्होंने ऑटो चालकों से आह्वान किया वो जगह-जगह ब्रेक न मारें और निर्धारित स्थल पर ही सवारी उतारें।
बस यूनियन के अध्यक्ष मनोज राणा ने कहा कि आज कल त्योहारी सीजन में फोरलेन कंपनी जो निर्माण कर रही है, उसमें कई जगह सड़क छोटी कर दी है।
खरुणी, मलकू माजरा व बागबानियां और भुड में काम होना है और एक दो मीटर सड़क चौड़ी की जानी जरूरी है। इस पर एनएचएआई के एसडीओ दिनेश पुनिया ने कहा कि जहां-जहां जरूरत होगी, वहां कार्रवाई करेंगे।
“त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए एएसपी अभिषेक की टीम काम करेगी। बद्दी में कोई भी यातायात नियम व बदलाव आम जन व प्रभावित पक्ष के साथ मिलकर ही संभव है। त्योहारों के सीजन में ट्रैफिक जवानों की बढ़ोतरी की है”– इल्मा अफरोज, एसपी बद्दी











