UP Storm Victims Compensation

यूपी में आपदा पीड़ितों को योगी सरकार का 4-4 लाख मुआवजा

यूपी में आंधी-तूफान पीड़ितों के साथ खड़ी योगी सरकार: मंत्रियों ने गांव-गांव जाकर बांटे 4-4 लाख के चेक; अनाथ बच्चों को भी सहारा”

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश में बीते दिनों आई तेज आंधी, बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जन-धन की हानि पर योगी सरकार ने त्वरित और संवेदनशील कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रभारी मंत्रियों ने खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

मंत्रियों ने न सिर्फ शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया, बल्कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा, राहत सामग्री और सरकारी योजनाओं का लाभ भी मौके पर ही सुनिश्चित किया।

किस जिले में किस मंत्री ने पहुंचाया राहत और मुआवजा?

  • लखीमपुर खीरी: जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने मितौली तहसील के जमुनिया कढ़ीले गांव पहुंचकर मृतक रतिराम (40) के परिवार से मुलाकात की।

  • रतिराम की छत गिरने से मौत हो गई थी। मंत्री ने मृतक की पत्नी और बच्चों को 4 लाख रुपये की दैवीय आपदा सहायता और 6500 रुपये का गृह अनुदान चेक सौंपा।

  • जिलाधिकारी ने बताया कि परिवार को कृषक दुर्घटना बीमा, सीएम आवास, विधवा पेंशन और ‘सीएम बाल सेवा योजना’ के तहत बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा भी प्रशासन उठाएगा। साथ ही कृषि पट्टा भी दिया जाएगा।

  • हरदोई: समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने संडीला तहसील के आंट सांट गांव में आकाशीय बिजली से जान गंवाने वाली अंकिता के परिजनों से मुलाकात की।

  • उन्होंने मृतका की माता कमला को ढांढस बंधाते हुए बताया कि उनके खाते में 4 लाख रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर कर दी गई है।

  • अंबेडकरनगर: प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कुढ़ा मोहम्मदगढ़ गांव पहुंचकर दीवार गिरने से जान गंवाने वाली सुकना देवी के परिजनों से भेंट की और 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

  • संभल: कैलादेवी थाना क्षेत्र के गंगहेटा गांव में विद्युत पोल और दीवार गिरने से नेमवती और भगवान सिंह की मौत हो गई थी।

  • प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने गांव जाकर दोनों मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये खाते में पहुंचने के प्रमाणपत्र और राहत सामग्री सौंपी।

  • बदायूं: प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने बिसौली क्षेत्र के बीरमपुर गांव पहुंचकर आंधी-तूफान पीड़ितों का दर्द साझा किया।

  • उन्होंने फतेहपुर बीरमपुर, तर्कपरोली और भोपतपुर के पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख के चेक और राहत सामग्री वितरित की।

  • बरेली: आंवला तहसील में सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने राहत राशि बांटी।

  • उन्होंने हर्रामपुर की देवकी (12) और बेहटा जूनो की लीपी (06) के परिजनों के खातों में 4-4 लाख रुपये भेजे।

  • इसके अलावा, मकान और पशुओं की क्षति पर 39 पीड़ितों को आर्थिक मदद दी गई। अग्निकांड में फसल गंवाने वाले 10 किसानों को ‘मुख्यमंत्री खेत खलिहान योजना’ के तहत 2.29 लाख रुपये दिए गए।

  • वहीं, ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के अंतर्गत कई परिवारों को 5-5 लाख रुपये और एक दिव्यांग को 2.5 लाख रुपये की सहायता दी गई।

योगी सरकार के इस त्वरित एक्शन से यह संदेश स्पष्ट है कि संकट की हर घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ आम जनमानस के दुःख-दर्द में साझीदार है।