BMC की ‘कुर्सी’ पर किसका राज? कल सुबह 9 बजे सस्पेंस खत्म करेगी BJP; राजश्री शिरवाडकर रेस में सबसे आगे, शिंदे गुट को मिलेगा डिप्टी मेयर पद
“देश के सबसे अमीर नागरिक निकाय, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में सत्ता की बागडोर संभालने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) तैयार है”
मुंबई: “The Politics Again” संतोष सेठ की रिपोर्ट
शनिवार (कल) सुबह 9 बजे उस सस्पेंस से पर्दा उठ जाएगा कि मुंबई का अगला महापौर (Mayor) कौन होगा।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा शनिवार को अपने मेयर पद के उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा करेगी।
कल का घटनाक्रम:
सुबह 9 बजे बैठक, 10 बजे नामांकन सूत्रों ने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे बीएमसी मुख्यालय में भाजपा पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी।
इसके बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित भास्कर सतम उम्मीदवार के नाम का ऐलान करेंगे। नाम घोषित होते ही सुबह करीब 10 बजे पार्टी के पार्षद अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
गौरतलब है कि महापौर और उप-महापौर पद के लिए चुनाव 11 फरवरी (बुधवार) को दोपहर 12 बजे बीएमसी मुख्यालय में होगा।
महायुति का फार्मूला: मेयर BJP का, डिप्टी मेयर शिंदे गुट का
भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के बीच हुए ‘पावर शेयरिंग फॉर्मूले’ के तहत, महापौर का पद भाजपा के पास रहेगा, जबकि उप-महापौर (Deputy Mayor) का पद शिंदे गुट को दिया जाएगा।
रेस में कौन हैं आगे? (Top Contenders)
-
राजश्री शिरवाडकर (फ्रंटरनर): तीन बार की पार्षद। वे रेस में सबसे आगे चल रही हैं। उनके पति राजेश शिरवाडकर मुंबई भाजपा के महासचिव हैं, जो उनकी दावेदारी को और मजबूत करता है।
-
ऋतु तावड़े: घाटकोपर से तीन बार की पार्षद। वरिष्ठता के आधार पर इनका नाम भी चर्चा में है।
-
शीतल गंभीर: माहिम से दो बार की पार्षद और पूर्व विधायक सुरेश गंभीर की बेटी।
आंकड़ों का खेल: महायुति के पास पूर्ण बहुमत 15 जनवरी को हुए चुनाव और 16 जनवरी को आए नतीजों ने तस्वीर साफ कर दी थी। 227 सदस्यीय बीएमसी में बहुमत का आंकड़ा 114 है।
-
महायुति (BJP + शिंदे सेना): 118 सीटें (बहुमत से 4 ज्यादा)।
-
NCP (सहयोगी): 3 सीटें।
-
कुल ताकत: 121 सीटें।
दूसरी तरफ विपक्ष कमजोर नजर आ रहा है:
-
शिवसेना (UBT): 65 सीटें।
-
कांग्रेस: 24 सीटें।
-
MNS: 6 सीटें।











