पश्चिम बंगाल : एक और TMC नेता की हत्या, आवास के पास मारी गई गोली

“पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में टीएमसी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। अभी तक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है”

कोलकाता 14 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पश्चिम बंगाल में टीएमसी के एक और नेता की हत्या का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले ही टीएमसी नेता रज्जाक खान की हत्या हुई थी, जिसके बाद अब बीरभूम जिले में भी एक टीएमसी नेता की हत्या कर दी गई है।

यहां कोमारपुर गांव में श्रीनिधिपुर पंचायत अध्यक्ष पीयूष घोष को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। यह घटना उस समय हुई, जब वह अपने आवास के पास ही मौजूद थे। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

तीन लोगों को हिरासत में लिया

एक अधिकारी ने बताया कि जिले के कोमारपुर गांव में रविवार तड़के बंदूकधारियों ने श्रीनिधिपुर पंचायत अध्यक्ष पीयूष घोष (42) को उनके आवास के पास गोली मार दी। अधिकारी ने बताया, ‘‘एक गोली बहुत पास से मारी गई थी और हो सकता है कि मृतक का कोई करीबी इस हत्या में शामिल हो।

हम इस हत्या के लिए व्यावसायिक विवादों से संबंधित कारणों की जांच कर रहे हैं।’’ पुलिस के मुताबिक बीरभूम जिले में टीएमसी नेता की हत्या मामले में दो महिलाओं सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।