बंगाल BJP घोषणापत्र

West Bengal: BJP ने जारी किया ‘भरोसा पत्र’, 6 महीने में UCC और महिलाओं को ₹3000

बंगाल चुनाव: BJP ने जारी किया ‘भरोसा पत्र’, महिलाओं को हर महीने ₹3000 और 6 महीने में UCC लागू करने का बड़ा ऐलान “

कोलकाता: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना बहुप्रतीक्षित चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है।

कोलकाता में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस घोषणापत्र को ‘भरोसा पत्र’ नाम देते हुए जनता के सामने रखा।

कार्यक्रम के मंच पर विशेष रूप से एक नारा लिखा गया था- “भरोसे का शपथ प्रकाश, भय नहीं भरोसा।”

बीजेपी ने अपने इस संकल्प पत्र में मुख्य रूप से अवैध घुसपैठ, महिला सुरक्षा, और राज्य के रुके हुए विकास पर फोकस किया है।

रोजगार, पलायन और स्वास्थ्य के मुद्दे पर भी कई लोकलुभावन वादे किए गए हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने टीएमसी (TMC) सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “पिछले 15 साल में ममता बनर्जी ने बंगाल को सिर्फ निराश किया है। बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और TMC से त्रस्त है। अब बीजेपी बंगाल को नई आशा और भरोसा देगी।”

BJP के ‘भरोसा पत्र’ के सबसे बड़े ऐलान:

बीजेपी ने बंगाल की जनता को लुभाने के लिए कई मास्टरस्ट्रोक चले हैं:

  • महिला सशक्तिकरण: बीजेपी की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

  • समान नागरिक संहिता (UCC): सत्ता में आने के 6 महीने के अंदर पूरे बंगाल में UCC लागू किया जाएगा।

  • 7वां वेतन आयोग: राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए 45 दिन के भीतर 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।

  • घुसपैठ पर वार: अवैध घुसपैठ पर ‘जीरो टॉलरेंस’ (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जाएगी।

  • भ्रष्टाचार और हिंसा पर एक्शन: राजनीतिक हिंसा और भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई जाएगी और दोषियों को सीधे जेल भेजा जाएगा।

संकल्प पत्र में PM मोदी की 6 ‘गारंटियां’ भी शामिल

बीजेपी के इस ‘भरोसा पत्र’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक दिन पहले दी गई 6 गारंटियों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है:

  1. TMC के फैलाए ‘भय’ को खत्म कर बीजेपी ‘भरोसा’ कायम करेगी।

  2. सरकारी सिस्टम सिर्फ जनता की सेवा के लिए काम करेगा।

  3. भ्रष्टाचार, घोटाले और बेटियों के साथ हुए अन्याय की हर फाइल दोबारा खुलेगी।

  4. कितने भी बड़े मंत्री हों, हर घोटालेबाज की जगह जेल में होगी।

  5. शरणार्थियों को उनका हर हक मिलेगा और घुसपैठियों को खदेड़ा जाएगा।

  6. सरकार बनते ही सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।

पश्चिमी मेदिनीपुर में अमित शाह की हुंकार

घोषणापत्र जारी करने के बाद गृहमंत्री अमित शाह आज पश्चिमी मेदिनीपुर में विशाल चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं।

उनका कार्यक्रम दोपहर 3 बजे डेबरा के बालिचक भजहरि हाई स्कूल मैदान और शाम 5 बजे खड़गपुर सदर के अतुलमोनी स्कूल में तय है, जहां वे पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.