मौसम : राजधानी दिल्ली सहित 10 राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी

“देश की राजधानी दिल्ली सहित 10 राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। दिल्ली में गुरुवार सुबह से बारिश हो रही है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है”

नई दिल्ली/शिमला / हैदराबाद 14 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

मौसम विभाग ने गुरुवार को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

आईएमडी के अलर्ट को देखते हुए लखनऊ में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली एनसीआर में 16 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। तेलंगाना में भी 13-14 अगस्त को अत्यंत भारी वर्षा की संभावना है। 

हिमाचल प्रदेश में 325 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और अचानक बाढ़ आने की ताजा घटनाओं के बाद शिमला और लाहौल एवं स्पीति जिलों में कई पुल बह गए जबकि दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 300 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद करनी पड़ी है।

अधिकारियों ने बताया कि गानवी घाटी में ताजा बाढ़ में एक पुलिस चौकी बह गई, जबकि शिमला जिले में भारी बारिश के बाद एक बस स्टैंड और आसपास की दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। इन घटनाओं में दो पुल बह गए, जिससे जिले की कूट और क्याव पंचायतों का संपर्क कट गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अबतक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कुल्लू के कुर्पन खड्ड में भी बाढ़ की खबर है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को कुर्पन खड्ड और बागीपुल-निरमंड के आसपास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

आईएमडी ने जम्मू और कश्मीर में 13 से 18 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।

यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना सावधानी से बनाएं, खासकर पहाड़ी और भूस्खलन-प्रवण क्षेत्रों में। मौसम की वास्तविक जानकारी के लिए आईएमडी के आधिकारिक चैनलों से अपडेट रहें।

हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 325 सड़कें यातायात के लिए बंद करनी पड़ी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के तीन जिलों चंबा, कांगड़ा और मंडी में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

विभाग ने शुक्रवार से रविवार तक के लिए चार से छह जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। 

ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर भूस्खलन

ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर घट्टू घाट के पास बुधवार को भारी भूस्खलन होने से उसकी चपेट में आकर दो व्यक्ति लापता हो गए और दो अन्य घायल हो गए।

लक्ष्मण झूला पुलिस कोतवाली के थानाध्यक्ष संतोष पैठवाल ने बताया कि घटनास्थल से पंद्रह मीटर की दूरी पर उफनती गंगा नदी बह रही है और प्रबल आशंका है कि लापता दोनों व्यक्ति भूस्खलन की चपेट में आकर नदी में गिर गए हों। 

लापता व्यक्तियों की तलाश मलबे और नदी, दोनों में की जा रही है। लापता व्यक्तियों की पहचान उत्तराखंड के मंगलौर के मुशीर तथा उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के अजीत पाल के रूप में हुई है।

पैठवाल ने बताया कि घायल व्यक्ति हरिद्वार से ईंट भरकर चले एक ट्रक के चालक और परिचालक हैं, जो अपने ट्रक को रोककर उसका पंचर टायर बदल रहे थे और इसी दौरान पहाड़ से हुए भूस्खलन की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुटटी दे दी गयी।

खराब मौसम के कारण हैदराबाद से कई फ्लाइट रद्द

तेलंगाना में खराब मौसम के कारण राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली कई फ्लाइट रद्द कर दी गईं या उनका रूट बदल दिया गया। हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि विमानन कंपनी इंडिगो की कोच्चि, चेन्नई, पटना और अहमदाबाद की फ्लाइट और यहां से वापस आने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि 11 प्लेन दूसरे एयरपोर्ट भेजे गए। बाद में इनमें से सात प्लेन वापस आए और शाम तक हैदराबाद पहुंचे। आईएमडी ने कहा कि तेलंगाना के विभिन्न हिस्सों के लिए गुरुवार तक ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।

मौसम केंद्र के एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि हैदराबाद सहित कई जिलों के लिए ‘‘भारी से बहुत भारी वर्षा’’ की आशंका जताई गई है और इसके लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया गया है।

PREMIUM NEWS

अपनी Premium Membership चुनें

Premium articles बिना restriction पढ़ें।

Monthly

₹99/month

30 days Premium access

You have successfully subscribed to the newsletter

There was an error while trying to send your request. Please try again.

The Politics Again will use the information you provide on this form to be in touch with you and to provide updates and marketing.