दिल्ली प्रदर्शन में हिंसा: 118 पुलिसकर्मी घायल, 70 हिरासत में, FIR दर्ज
दिल्ली में हिंसक हुआ प्रदर्शन: 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल, 70 हिरासत में, दंगे और पथराव की कई FIR दर्ज”
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट
राष्ट्रीय राजधानी में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) द्वारा सोमवार को बुलाया गया विरोध प्रदर्शन बेहद हिंसक और आक्रामक हो गया।
पुलिस की बार-बार दी गई चेतावनियों और लागू निषेधाज्ञा (Prohibitory Orders) के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल काटा।
इस हिंसक झड़प में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए कई एफआईआर (FIR) दर्ज की हैं।
पुलिस पर पथराव, 15-20 गाड़ियों में तोड़फोड़
नई दिल्ली इलाके में हुए इस प्रदर्शन के दौरान भीड़ अनियंत्रित हो गई। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने जानबूझकर बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाबलों पर भारी पथराव किया।
आक्रामक भीड़ ने पुलिस और अन्य सरकारी गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हिंसा के दौरान लगभग 15 से 20 सरकारी वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों सहित 118 पुलिसकर्मी घायल
इस खौफनाक हिंसा का खामियाजा सुरक्षाबलों को भुगतना पड़ा है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, पथराव और हाथापाई में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
घायलों में स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस, जॉइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर, डीसीपी (DCP), एडिशनल डीसीपी और एसीपी (ACP) रैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात कई महिला पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। वहीं, इस पूरे बवाल में लगभग 60 प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की खबर है। सभी घायल पुलिसकर्मियों की मेडिको-लीगल जांच (MLC) की जा रही है।
70 उपद्रवी हिरासत में, BNS के तहत मुकदमा दर्ज
कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले इस कृत्य पर दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। मौके से लगभग 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
-
पुलिस ने दंगा भड़काने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य संबंधित कानूनों के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
-
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
‘सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस प्रतिबद्ध’
दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि राजधानी में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
गैर-कानूनी और हिंसक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।











