यूपी पंचायत चुनाव

यूपी पंचायत चुनाव : जुलाई तक मतदान, CM योगी सख्त

यूपी पंचायत चुनाव 2026: जुलाई तक हर हाल में होंगे चुनाव, 2011 की जनगणना पर आरक्षण; त्योहारों पर CM योगी सख्त

लखनऊ/अमेठी | वरुण यादव की रिपोर्ट, The Politics Again

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बनी अनिश्चितता के बादल अब छंट गए हैं। प्रदेश सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि पंचायत चुनाव जुलाई 2026 तक हर हाल में संपन्न करा लिए जाएंगे।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों को लेकर कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश जारी किए हैं। दूसरी ओर, चुनाव की तैयारियों के क्रम में जिलों में मतपत्र भी पहुंचने शुरू हो गए हैं।

जुलाई से आगे नहीं बढ़ेगा कार्यकाल,2011 के आधार पर आरक्षण

पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने साफ किया है कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव तय समयसीमा यानी जुलाई 2026 तक करा लिए जाएंगे।

किसी भी स्तर पर कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग को इसके लिए निर्देश दिए जा चुके हैं।

आरक्षण को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगली कैबिनेट बैठक में पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन को मंजूरी मिल जाएगी।

आरक्षण की व्यवस्था 2011 की जनगणना के आधार पर ही तय होगी और कोई नई गणना नहीं कराई जाएगी। पूर्व में लागू आरक्षण चक्र ही जारी रहेगा।

त्योहारों पर CM योगी की दो टूक: ‘परंपरा के दायरे में हों आयोजन’

आगामी त्योहारों (नवरात्र, अलविदा की नमाज और ईद-उल-फितर) को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की।

सीएम ने सख्त लहजे में कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

त्योहारों को पूरी तरह से परंपरा के दायरे में मनाया जाना चाहिए और किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लाउडस्पीकर की आवाज मानकों के भीतर रखने, बाइक स्टंटबाजी पर रोक लगाने और चेन स्नेचिंग रोकने के लिए PRV-112 की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, गाजियाबाद, जालौन, गोरखपुर, आगरा, जौनपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज में हुई हालिया आपराधिक घटनाओं का संज्ञान लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

इसके अलावा, एलपीजी आपूर्ति में कृत्रिम कमी और कालाबाजारी पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए हैं।

अमेठी पहुंचे मतपत्र, स्ट्रांग रूम में सुरक्षा कड़ी

चुनाव की जमीनी तैयारियां भी तेज हो गई हैं। अमेठी जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतपत्र पहुंच चुके हैं, जिन्हें पुलिस और पीएसी (PAC) की कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम (डबल लॉक सिस्टम) में रखा गया है। जिले की 682 ग्राम पंचायतों के 16,07,921 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिले में 682 ग्राम प्रधान, लगभग 8,630 ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य, 877 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 36 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव होना है।

किसी भी कमी से बचने के लिए चुनाव आयोग ने मतदाताओं की संख्या से अधिक मतपत्र उपलब्ध कराए हैं। मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पूरा हो चुका है और 6 मार्च को फाइनल मतदाता सूची जारी की जाएगी।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.