जौनपुर : गोमती नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत
“नगर कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना पुल के पास बुधवार को नहाते समय डूबने से दो दोस्तों हर्ष और मो. जोहैब की मौत हो गई। शव अगले दिन बृहस्पतिवार को मिला”
जौनपुर 25 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
कोतवाल मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के ओलंदगंज निवासी हर्ष श्रीमाली (15) पुत्र परमेश श्रीमाली अपने दोस्त ओलंदगंज निवासी मोहम्मद जोहैब(15) पुत्र बबलू हसनैन के साथ पैदल घूमने गए थे। वह शाम करीब चार बजे घर से निकले थे।
पहले दोनों गोपीघाट पर गोमती नदी में नहाने गए थे। वहां मौजूद लोगों ने कहा कि पानी बढ़ गया है, नहाने मत जाओ। लोगों ने डांटकर उन्हें भगा दिया। इसके बाद दोनों भागकर हनुमान घाट पर चले गए। जहां नहाते समय दोनों डूबने लगे।
शाम को 7 बजे जब हर्ष को पढ़ाने के लिए उसके शिक्षक आए तो परिजनों ने उसकी खोज शुरू की। ऐसे में हर्ष के बड़े भाई श्रेयांश व जोहैब के बड़े भाई कैफ दोनों साथ में उन्हें खोजने निकल गए। रात करीब 9.30 बजे फोन आया कि हनुमान घाट पर दो बच्चों के कपड़े व चप्पल पड़े हैं। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
पुलिस ने कहा कि गोताखोर सुबह ही मिलेंगे। स्थानीय गोताखोरों ने कोई मदद नहीं की। इसके बाद रातभर परिजन बच्चों को इधर-उधर खोजते रहे। सुबह करीब 5 बजे हर्ष का शव जफराबाद के वसीरपुर में उताराया मिला। सूचना पर परिजन वहां पहुंच गए, उन्होंने पुलिस को बगैर सूचित किए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
वहीं दूसरे किशोर जोहैब का शव सिपाह के समीप चाचकपुर गुरुद्वारा के पास गोमती नदी में उतराया हुआ मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों को उसको मिट्टी दी। घटना के बाद से ही दोनों के घर के बाहर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों की भीड़ लगी रही।











