जौनपुर / शाहगंज : दो घंटे लगातार बारिश से सराबोर हुआ क्षेत्र, रेलवे स्टेशन का कम्प्यूटर जला, कोतवाली में जलजमाव

“शाहगंज और आसपास के क्षेत्र काफी दिनों से सूखे की मार झेल रहे थे। गुरुवार को हुई भारी बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन कुछ स्थानों पर जलभराव ने परेशानियां भी पैदा कर दी हैं”

जौनपुर / शाहगंज २५ / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

शाहगंज  में गुरुवार को हुई लगभग पौने दो घंटे की बारिश ने स्थानीय कोतवाली परिसर को पूरी तरह जलमग्न कर दिया। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण कोतवाली परिसर तालाब जैसा दिखाई दे रहा था।

इस जलभराव से पुलिस कर्मियों को पानी से होकर आना-जाना पड़ा। गंदे पानी की वजह से उनकी यूनिफॉर्म भी खराब हो गई। अपनी शिकायत लेकर आए फरियादियों, विशेषकर वृद्ध लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोतवाली के मुख्य द्वार पर ही पानी जमा होने और कोई वैकल्पिक रास्ता न होने के कारण सभी को उसी पानी से होकर गुजरना पड़ा। पुलिस कर्मियों और फरियादियों ने संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए बारिश के दिनों में होने वाले जल जमाव से निजात दिलाने की मांग की है।

वही शाहगंज रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार की दोपहर तेज बारिश ने रेलवे प्रशासन की अस्थाई व्यवस्था की पोल खोल दी। नवनिर्मित भवन में बनाए गए अस्थाई टिकट विंडो पर छत से बारिश का पानी आरक्षण व चालू टिकट काउंटर के उपकरणों पर गिरा।

इससे सारा सिस्टम जलकर ध्वस्त हो गया। करीब पौने दो घंटे तक टिकट वितरण का काम ठप रहा। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं रेलवे को लाखों रुपये के राजस्व की चपत भी लगी।

रेलवे रिजर्वेशन टिकट सुपरवाइजर परमेश्वर यादव ने बताया कि तेज बारिश के कारण छत पर पानी का भराव हो गया था। पानी रिसकर सीधा काउंटर में रखे कंप्यूटर सिस्टम और अन्य उपकरणों पर गिरा। इससे सिस्टम फेल हो गया।

रेलवे कर्मचारियों के अथक प्रयास के बाद चालू टिकट का एक काउंटर किसी प्रकार शुरू किया गया, ताकि यात्रियों को तत्काल टिकट मुहैया कराया जा सके। हालांकि आरक्षण विंडो अब भी बंद है।

अधिकारियों के अनुसार, इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से रेलवे को एक शिफ्ट में ही लगभग एक लाख रुपये से अधिक का राजस्व नुकसान हुआ है। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि अस्थाई टिकट विंडो की छत से पानी रिसाव के कारण चालू टिकट और आरक्षण दोनों का सिस्टम ध्वस्त हो गया।

कर्मचारियों ने प्रयास करके चालू टिकट का एक काउंटर शुरू किया, जिससे कुछ राहत मिली है। स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घटना के चलते दो घंटे तक टिकट वितरण का कार्य बाधित रहा। हालात संभालने के लिए फिलहाल एक काउंटर शुरू किया गया है और बाकी सिस्टम की मरम्मत का कार्य जारी है।