जौनपुर/शाहगंज : ठेकेदार हत्याकांड का हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
“शाहगंज थाना क्षेत्र के मजडीहां गांव में बीते 8 जून को अवैध संबंध के चलते ठेकेदार की हत्या की गई थी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है”
जौनपुर / शाहगंज 26 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
ज्ञात हो कि प्राथमिक विद्यालय के पीछे रेलवे फाटक के पास ठेकेदार का शव मिला था। पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मजडीहां गांव निवासी राजेंद्र चौहान के रूप में हुई थी। पेशे से वो भवन निर्माण कराने वाला ठेकेदार था। घटना की सूचना मृतक राजेंद्र के पुत्र ने दी थी।
बेटे ने ही एक नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस ने सूचना मिलने पर हत्या के आरोपी सबरहद गांव निवासी तौफीक व उसके भाई आकिब को गिरफ्तार कर लिया। मामले के खुलासे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि राजेंद्र का उनकी घर की महिलाओँ से अवैध संबंध थे। इसी से आक्रोशित आरोपी दोनों भाइयों ने पहले राजेंद्र के सिर पर डंडे से वार किया, फिर करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को बैटरी रिक्शा से ले जाकर गांव के ही प्राथमिक विद्यालय के पीछे फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया।











