Delhi Schools Summer Vacation

दिल्ली के स्कूलों में 11 मई से गर्मी की छुट्टियां

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कल से गर्मी की छुट्टियां, लेकिन 9वीं, 10वीं और 12वीं के कमजोर छात्रों के लिए लगेंगी ‘एक्स्ट्रा क्लास’

नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट 

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली शिक्षा निदेशालय (DOE) ने दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों (Summer Vacations) का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।

शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, सभी सरकारी स्कूलों में 11 मई 2026 से 30 जून 2026 तक ग्रीष्मावकाश रहेगा।

हालांकि, कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं में पढ़ने वाले उन छात्रों को इन छुट्टियों में पूरी तरह राहत नहीं मिलेगी, जो पढ़ाई में थोड़े कमजोर हैं।

शिक्षा के स्तर और ओवरऑल लर्निंग आउटकम को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा निदेशालय ने इन तीन कक्षाओं के कमजोर छात्रों के लिए 11 मई से ‘एक्स्ट्रा क्लास’ (रेमेडियल क्लास) लगाने का फैसला किया है।

क्या है एक्स्ट्रा क्लास का शेड्यूल और समय?

शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, रेमेडियल क्लास सोमवार, 11 मई 2026 से शनिवार, 23 मई 2026 तक स्कूलों में लगाई जाएंगी।

  • छात्रों का समय: सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक।

  • शिक्षकों का समय: सुबह 7:20 बजे से 11:00 बजे तक ड्यूटी अनिवार्य होगी।

  • शिफ्ट वाले स्कूल: ऐसे स्कूल जहां दो शिफ्ट (सुबह और शाम) में कक्षाएं लगती हैं, वहां एक्स्ट्रा क्लास अलग-अलग विंग में आयोजित की जाएंगी।

क्लास का पैटर्न और किन विषयों पर रहेगा फोकस?

रोजाना एक-एक घंटे के कुल तीन पीरियड (7.30 से 8.30, 8.30 से 9.30 और 9.30 से 10.30) लगाए जाएंगे।

  • 9वीं और 10वीं के लिए: मुख्य रूप से साइंस (Science) और मैथ (Maths) जैसे कठिन विषयों पर फोकस किया जाएगा।

  • 12वीं कक्षा के लिए: हेड ऑफ स्कूल (HoS) छात्रों की एकेडमिक जरूरत और रिजल्ट के आधार पर रेमेडियल क्लास के सब्जेक्ट खुद तय करेंगे।

शिक्षा विभाग के आदेश की अहम और सख्त हिदायतें:

शिक्षा विभाग ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों (HoS), छात्रों और अभिभावकों के लिए सख्त नियम भी जारी किए हैं:

  • पेरेंट्स की सहमति: रेमेडियल क्लास में आने वाले छात्रों के लिए उनके माता-पिता (पेरेंट्स) की लिखित सहमति लेना अनिवार्य होगा।

  • स्कूल यूनिफॉर्म: एक्स्ट्रा क्लास के दौरान भी सभी छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म (Dress) पहनकर ही आना होगा। कैजुअल ड्रेस मान्य नहीं होगी।

  • ऑनलाइन अटेंडेंस: क्लास में आने वाले सभी छात्रों की हाजिरी (अटेंडेंस) ऑनलाइन माध्यम से मार्क की जानी चाहिए।

  • टाइमटेबल: स्कूल हेड को समर वेकेशन शुरू होने से पहले ही रेमेडियल क्लास का टाइमटेबल तैयार कर संबंधित डीडीई (DDE) को जमा करना होगा और इसकी जानकारी पेरेंट्स तक पहुंचानी होगी।

दिल्ली सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन बच्चों की मदद करना है, जिन्हें किसी खास विषय के कॉन्सेप्ट को समझने में परेशानी आती है, ताकि बोर्ड और आगामी परीक्षाओं में उनका प्रदर्शन सुधर सके।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.