Breaking News

दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश का कहर : 3 की मौत, कई घायल

“दिल्ली-NCR में तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। आंधी-बारिश की वजह से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए, मेट्रो-फ्लाइट सेवाएं प्रभावित रहीं और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई”

नई दिल्ली 22 / 05 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

दिल्ली-NCR में बुधवार देर शाम आए भीषंकर आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश ने जमकर तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा ने न केवल जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया, बल्कि तीन लोगों की जान ले ली और कई अन्य को घायल कर दिया। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिरे और होर्डिंग्स ढह गईं, जिससे भारी नुकसान हुआ।

निजामुद्दीन, गोकुलपुरी और ग्रेटर नोएडा में हुईं मौतें

दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में एक दिव्यांग व्यक्ति की बिजली का खंभा गिरने से दुखद मौत हो गई। लोधी रोड पर यह हादसा उस समय हुआ, जब तेज आंधी के बीच एक बिजली का खंभा ट्राई-साइकिल पर सवार दिव्यांग व्यक्ति के ऊपर गिर गया। इस हादसे में पास खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

दिल्ली के गोकुलपुरी में 22 वर्षीय एक बाइक सवार की पेड़ गिरने से मौत हो गई। वहीं, ग्रेटर नोएडा में भी पेड़ गिरने से एक युवक की जान चली गई। इन हादसों ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी।

तीन मूर्ति और निजामुद्दीन में वाहनों को भारी नुकसान

तीन मूर्ति इलाके में आंधी के कारण एक पेड़ कार पर गिर गया, जिससे गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार ड्राइवर अर्जुन कुमार ने बताया कि हादसे के समय वह और एक अन्य व्यक्ति कार में मौजूद थे, लेकिन दोनों सुरक्षित बच गए। निजामुद्दीन में भी पेड़ गिरने से कई खड़ी कारें और बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि इन हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी मची भारी तबाही

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर तेज हवाओं के कारण एक बड़ा साइनबोर्ड गिर गया, जबकि नोएडा के सेक्टर-9 में एक पेड़ रिक्शे पर गिरा। गनीमत रही कि इस हादसे में रिक्शा चालक को चोट नहीं आई। गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भोजपुर एग्जिट के पास टोल प्लाजा का शेड हवा में उड़कर सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

बड़े-बड़े ओले गिरने से और बिगड़ गए हालात

आंधी से पहले बड़े-बड़े ओले गिरने से हालात और बिगड़ गए। दिल्ली-NCR के कई इलाकों में ओलावृष्टि के कारण ड्राइवरों को अपनी गाड़ियां फ्लाईओवर या ढकी हुई जगहों पर रोकनी पड़ीं, ताकि कार के शीशे टूटने से बच सकें।

बारिश के बाद कालिंदी कुंज, जनपथ रोड और अन्य इलाकों में पेड़ गिरने से रास्ते बंद हो गए, जिसके कारण भयंकर जाम लग गया। कई जगह रूट डायवर्ट करने पड़े, और लोग घंटों जाम में फंसे रहे।

दिल्ली मेट्रो और उड़ानें प्रभावित, बिजली सप्लाई ठप

आंधी-तूफान का असर दिल्ली मेट्रो पर भी पड़ा। रेड, येलो और पिंक लाइन पर मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से रोकनी पड़ीं। इसके अलावा, दिल्ली से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइट्स को भी देरी का सामना करना पड़ा। ते

ज हवाओं और बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। कमजोर मकानों को भी नुकसान पहुंचा, जिनमें से कई ढह गए। मुरादाबाद, हापुड़, मेरठ और बागपत जैसे NCR के अन्य शहरों में भी आंधी और ओलावृष्टि से नुकसान की खबरें सामने आईं।

अगले कुछ दिनों में भी आंधी और बारिश की संभावना

मई की चिलचिलाती गर्मी से राहत की उम्मीद में बैठे दिल्ली-NCR के लोगों को इस आंधी-तूफान और बारिश ने और परेशान कर दिया। पेड़, होर्डिंग्स और बिजली के खंभों के गिरने से हुए नुकसान ने प्रशासन के लिए भी चुनौती खड़ी कर दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भी बारिश और आंधी की संभावना जताई है, जिसके लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Santosh SETH

Recent Posts

यूपी चुनाव 2027: बसपा ने सुल्तानपुर से इम्तियाज भुट्टो को उतारा

यूपी चुनाव 2027: बसपा ने सुल्तानपुर से इम्तियाज भुट्टो को बनाया प्रत्याशी, प्रदेश अध्यक्ष ने…

6 minutes ago

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म सम्मान

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: दिल्ली से बाहर पहली बार 'एकता नगर' में होगा सिनेमाई महाकुंभ,…

15 minutes ago

स्पेशल कवरेज : MSME मंत्रालय ‘विशेष अभियान 6.0’ के लिए तैयार

स्वच्छता और सुशासन की नई पहल: MSME मंत्रालय 'विशेष अभियान 6.0' के लिए तैयार, ई-कचरे…

23 minutes ago

भारतीय नौसेना के युद्धपोत ‘सह्याद्री’ और ‘कुलिश’ पहुंचे फिलीपींस

भारतीय नौसेना के युद्धपोत 'सह्याद्री' और 'कुलिश' पहुंचे फिलीपींस: ADMM-प्लस के जरिए 'एक्ट ईस्ट' नीति…

30 minutes ago

फर्जी सिम और IMEI से छेड़छाड़ पर 3 साल की जेल, 50 लाख का जुर्माना

दूरसंचार विभाग की सख्त चेतावनी: फर्जी सिम और IMEI से छेड़छाड़ पर 3 साल की…

37 minutes ago

11वां आयुर्वेद दिवस: 89 लाख भारतीयों का संकल्प, 10 देशों में गूंज

11वें आयुर्वेद दिवस को लेकर देश में भारी उत्साह: 89 लाख नागरिकों ने लिया संकल्प,…

46 minutes ago