सोलन : बीबीएन में बारिश-भूस्खलन से तबाही, कई सडक़ें बंद
“बीबीएन क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में दर्जनों सडक़ें बंद हो गई हैं, पुल बह गए हैं और कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट चुका है”
बीबीएन 07 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
लोक निर्माण विभाग ने अब तक के शुरुआती आकलन में करीब तीन करोड़ रुपए से अधिक की सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की पुष्टि की है। सबसे गंभीर स्थिति शिमला-कुनिहार-रामशहर-नालागढ़ मुख्य मार्ग की है, जहां कुमारहट्टी के समीप लगभग 300 मीटर सडक़ का हिस्सा धंस गया है।
मितिया रोड भी भूस्खलन और गहरी दरारों के कारण अवरुद्ध है। इसके अतिरिक्त नालागढ़-गुज्जरहट्टी-पुरलाए सिलनु पुल-तिरलाए रामशहर-चमदार-लूना, रामशहर-सुना-डोली, रामशहर-बद्दी वाया साईं, रामशहर-गंबरपुल, स्वारघाट-रामशहर, रामशहर-शिमला, रामशहर-लोहाघाट, कुन प्लेट से नंड, शालाघाट-आर्की-कुनिहार-बरोटीवालाए और साईं-घडेड़ मार्ग भी भूस्खलन के चलते बंद हैं।
इसी बीच बद्दी उपमंडल के मानपुरा से धर्मपुर की ओर जाने वाले ढेला पुल को भी तेज बारिश ने नुकसान पहुंचाया है, जिससे यह मार्ग भी बंद हो गया है। पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता परवरसर सिंह ने बताया कि नालागढ़ डिवीजन में करीब 1.10 करोड़, रामशहर सबडिवीजन में 90 लाख और बद्दी क्षेत्र में लगभग एक करोड़ रुपए की संपत्ति को नुकसान हुआ है।











