सोलन : झाड़माजरी में 12 अगस्त से बुलडोजऱ-जब्ती-नीलामी की होगी कार्रवाई

“औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी की सडक़ों और उद्योग विभाग की भूमि पर वर्षों से पसरे अतिक्रमण अब प्रशासन का शिकंजा कसने वाला हैं। सडक़ किनारे जमी रेहडिय़ां, खोखे, अवैध दुकानें और पक्के निर्माण जल्द ही जल्द ही खत्म किये जायेंगे “

सोलन/झाड़माजरी 11 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उद्योग विभाग ने पहली बार इतने सख्त शब्दों में अल्टीमेटम जारी करते हुए चेताया है की 12 अगस्त के बाद कब्ज़ा नहीं, सिर्फ कार्रवाई होगी। 12 अगस्त की सुबह झाड़माजरी में ऑपरेशन क्लीन शुरू हो जाएगा। यानी कब्ज़ाधारी या तो खुद हटें, वरना बुलडोजऱ, सामान की जब्ती और नीलामी का सामना करें।

उद्योग विभाग के उपनिदेशक एवं एकल खिडक़ी समाधान अभिकरण के अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि विभागीय भूमि और सडक़ों पर किए गए सभी स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण तुरंत हटाए जाएं।

जिन लोगों ने पक्के निर्माण, खोखे या यहां तक कि आवास बना रखे हैं, उन्हें भी खुद ध्वस्त करने का अवसर दिया गया है। अन्यथा मशीनरी से तोडफ़ोड़ होगी और खर्च सीधे कब्जाधारी से वसूला जाएगा।

कार्रवाई के दौरान जब्त किया गया कोई भी सामान वापस नहीं किया जाएगा, बल्कि सुरक्षित गोदाम में रखकर सार्वजनिक नीलामी की जाएगी। प्राथमिक सर्वे में झाड़माजरी क्षेत्र में 40 से अधिक अवैध कब्ज़े चिन्हित हो चुके हैं।

इनमें सडक़ किनारे सजी दुकानें, रंग-बिरंगी रेहडिय़ां, अवैध खोखे और अन्य निर्माण शामिल हैं, जो यातायात में बाधा डालने के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र की छवि और विकास दोनों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कभी झाड़माजरी सुव्यवस्थित औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र था, लेकिन बढ़ते अतिक्रमण ने जाम, गंदगी और सुरक्षा जोखिमों को आम कर दिया है।

उद्योग विभाग के उपनिदेशक योगेश गुप्ता ने कहा कि झाड़माजरी में अतिक्रमण लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है। विभाग ने सभी कब्जाधारियों को 12 अगस्त तक का समय दिया है।

इसके बाद किसी प्रकार का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा की जो सहयोग करेगा, उसे असुविधा नहीं होगी जो अड़ा रहेगा, उसके लिए बुलडोजऱ, जब्ती और नीलामी तीनों इंतज़ार कर रहे हैं।