सोलन – ट्रैफिक पुलिस कर्मी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
“सोलन शहर के दोहरी दीवार पर टै्रफिक पुलिस कर्मी की सूझबूझ से गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हुआ यूं कि नालागढ़ से कंडाघाट पैट्रोल-डीजल लेकर जा रहे टैंकर के पिछले पहिये में आग लग गई और इस बारे में चालक को पता नहीं चला”
सोलन 22 / 11 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट
लेकिन दोहरी दिवार पर खड़े ट्रैफिक पुलिस कर्मी मंजीत पाल ने जैसे ही टायर में लगी आग को देखा तो तुरंत चालक को रुकवाया और उसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग को बुझाया गया।
अगर ट्रैफिक पुलिस कर्मी चुस्ती नहीं दिखाता तो इस आग से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। हालांकि जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि आग किन कारणों से लगी थी।
जानकारी के अनुसार एक टैंकर नंबर एचपी-17जी-9300 नालागढ़ से पैट्रोल व डीजल भरवाकर कंडाघाट में डिलीवरी देने के लिए जा रहा था। यह टैंकर जब गुरुवार शाम करीब 7 बजे जैसे ही दोहरी दिवार के समीप पहुंचा तो वहां पर यातायात व्यवस्था को संभाल रहे टै्रफिक कर्मी मंजीत पाल की नजर टैंकर के पिछले टायर की ओर पड़ी।
उन्होंने देखा कि टैंकर के पिछले टायर में आग लगी हुई है और टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हालांकि टैंकर चालक इससे बिल्कुल अनभिज्ञ था कि उसके पिछले टायर में चक्के पास से आग की लपटें उठ रही हैं।
खतरे को भांपते ही ट्रैफिक कर्मी ने तुरंत ही टैंकर चालक को रुकने का इशारा कर टैंकर को साइड में लगाने को कहा। इसके बाद उन्होंने उसे इसकी जानकारी दी और साथ ही फायर ब्रिगेड को भी तुरंत सूचना दे दी। इसके बाद ट्रैफिक कर्मी चालक व अन्य लोगों की मदद से आग को बुझाने में जुट गए।
इस बीच फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई और आग को बुझा दिया। ट्रैफिक पुलिस कर्मी मंजीत पाल की सूझबूझ व तुरंत कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यदि ट्रैफिक कर्मी की नजरों में यह घटना नहीं आती तो ज्वलनशील पदार्थ से लदे टैंकर से कोई भी अनहोनी हो सकती थी।











