Jaunpur SP Congress Protest

जौनपुर में ‘वोट चोरी’ पर बवाल: सपा-कांग्रेस का संयुक्त मोर्चा, DM दफ्तर घेरकर बोले- ‘फॉर्म 7 से गेम कर रही BJP, नहीं सहेंगे’

“उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सोमवार को सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया जब समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक साथ मिलकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया”

जौनपुर | वरुण यादव की रिपोर्ट : The Politics Again ब्यूरो

विपक्ष का आरोप है कि जिले में मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) की आड़ में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है और ‘फॉर्म 7’ (Form 7) का दुरुपयोग कर विशेष वर्ग के मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं।

क्या है ‘फॉर्म 7’ का विवाद?

प्रदर्शनकारी नेताओं ने दावा किया कि सत्ताधारी दल के इशारे पर हर बूथ से लगभग 200 जीवित और मौजूद मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की साजिश रची जा रही है।

निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, फॉर्म 7 का उपयोग किसी मतदाता का नाम सूची से हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए किया जाता है।

विपक्ष का आरोप है कि भाजपा के कथित एजेंट फर्जी तरीके से ये फॉर्म भर रहे हैं।

सड़क से संसद तक आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा,

“अगर प्रशासन ने फॉर्म 7 के जरिए हो रही इस ‘वोट चोरी’ को तत्काल नहीं रोका, तो हम सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेंगे। यह लोकतंत्र की हत्या है।”

बीजेपी और आयोग के खिलाफ नारेबाजी

सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भाजपा और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई है कि फॉर्म 7 बांटने और जमा करने वाले संदिग्ध लोगों की जांच कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और जिला निर्वाचन अधिकारी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करें।