पूर्वांचल विश्वविद्यालय : 5 अगस्त से शुरू हुई विशेष परीक्षा, 4 जिलों के 525 छात्र-छात्राएं शामिल

“वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने उन छात्रों के लिए एक और परीक्षा का मौका दिया है जो पूर्व में फेल हो चुके हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह विशेष अवसर सत्र 2019-20 में स्नातक और 2021-22 में स्नातकोत्तर में दाखिला लेने वाले अनुत्तीर्ण छात्रों को दिया गया है”

जौनपुर 08 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

इस विशेष परीक्षा में चार जिलों जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ और मऊ के कुल 525 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। इनमें से 475 छात्र स्नातक और 50 छात्र स्नातकोत्तर कोर्स से जुड़े हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं।

परीक्षा को सुचारु रूप से आयोजित कराने के लिए जौनपुर के एडेड कॉलेज को केंद्र बनाया गया है, जबकि स्ववित्तपोषित (वित्तविहीन) कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में कराई जा रही है। मऊ और आजमगढ़ जिलों में भी चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

अगस्त से शुरू, लगभग एक माह चलेगी परीक्षा

परीक्षाएं 5 अगस्त से शुरू हो चुकी हैं और यह लगभग एक महीने तक चलेंगी। सभी पेपर तीन घंटे के होंगे। हर पाली में किसी विषय में एक, तो किसी विषय में दो छात्र परीक्षा में भाग ले रहे हैं। आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी थी।